Homeविश्वअमेरिका में हवा में टकराए दो फाइटर जेट, एयर शो के दौरान...

अमेरिका में हवा में टकराए दो फाइटर जेट, एयर शो के दौरान हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में शामिल विमान अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G ग्रॉलर फाइटर जेट थे। दोनों जेट एयरबेस से करीब दो मील दूर जाकर क्रैश हुए।

अमेरिका के माउंटेन होम एयर फोर्स बेस में रविवार को एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान दो अमेरिकी सैन्य फाइटर जेट हवा में आपस में टकरा गए। हादसे के बाद पूरे एयरबेस को लॉकडाउन कर दिया गया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। टक्कर के बाद घटनास्थल के पास आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

EA-18G ग्रॉलर जेट हुए हादसे का शिकार

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में शामिल विमान अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G ग्रॉलर फाइटर जेट थे। दोनों जेट एयरबेस से करीब दो मील दूर जाकर क्रैश हुए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दोनों विमान हवा में टकराने के बाद टूटते दिखाई दिए।

हादसे के तुरंत बाद आसमान में चार पैराशूट दिखाई दिए। एयर शो के दौरान मौजूद उद्घोषक ने दर्शकों को बताया कि दोनों विमानों में सवार सभी चार क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बाद में अमेरिकी नौसेना ने भी इसकी पुष्टि की।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एयरबेस प्रशासन ने कहा कि राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, अधिक जानकारी साझा की जाएगी।

हादसे के बाद सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए

घटना के बाद रविवार को एयर शो के बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। माउंटेन होम एयर फोर्स ने भी पुष्टि की कि सुरक्षा कारणों से एयरबेस को लॉकडाउन किया गया है।

‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ आठ साल बाद दोबारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में हजारों लोग सैन्य विमानों के प्रदर्शन और हवाई करतब देखने पहुंचे थे। आयोजकों ने इस आयोजन की तैयारी में करीब दो साल लगाए थे।

इस हादसे के बाद माउंटेन होम एयर शो से जुड़े पुराने हादसों की यादें भी ताजा हो गई हैं। साल 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर पायलट की रनवे पर क्रैश होने से मौत हो गई थी। वहीं, 2003 में अमेरिकी वायु सेना थंडरबर्ड्स का एक जेट भी एयर शो के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, हालांकि पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली थी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular