वाशिंगटनः अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पकड़े गए संदिग्ध हमलावर कोल थॉमस एलन पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि आरोपी कोल थॉमस एलन पर तीन प्रमुख आरोप लगाए गए हैं, जिनमें संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति की हत्या का प्रयास, अपराध के इरादे से एक राज्य से दूसरे राज्य में हथियार ले जाना और हिंसक अपराध के दौरान घातक हथियार से गोली चलाना शामिल है।
इन आरोपों के तहत दोषी पाए जाने पर एलन को उम्रकैद तक की कड़ी सजा हो सकती है। अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने इस मामले पर स्पष्ट किया कि आरोपी का इरादा पूरी तरह साफ था और वह सरकार के शीर्ष अधिकारियों को खत्म करना चाहता था।
हमलावर एलन हफ्तों तैयारी कर रहा था
यह घटना 25 अप्रैल को वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, जहां राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और कई वरिष्ठ अधिकारी वार्षिक डिनर कार्यक्रम में शामिल थे। जांच में सामने आया कि यह कोई आकस्मिक घटना नहीं बल्कि हफ्तों की तैयारी का नतीजा थी। उसने काफी पहले ही वॉशिंगटन हिल्टन होटल में कमरा बुक कर लिया था। 25 अप्रैल की रात करीब 8:40 बजे, जब होटल के बॉलरूम में राष्ट्रपति और अन्य वीवीआईपी मौजूद थे, एलन 12-गेज शॉटगन और .38 कैलिबर की पिस्तौल लेकर सुरक्षा चेकपॉइंट (मैग्नेटोमीटर) की ओर दौड़ा।
इस दौरान यूएस सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी के सीने में गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। घायल अधिकारी ने तुरंत जवाबी फायरिंग की और कई गोलियां चलाईं, जिससे आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया ने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक दिया। अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा कि यह संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति की हत्या का प्रयास था और आरोपी के इरादे स्पष्ट थे। उन्होंने बताया कि संदिग्ध सरकार के बड़े अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था।
ब्लैंच ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां विफल नहीं हुईं, बल्कि उन्होंने वही किया जिसके लिए उन्हें प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना कोई आकस्मिक मामला नहीं थी, बल्कि पूरी तैयारी के साथ अंजाम देने की कोशिश थी।
कैलिफोर्निया और कनेक्टिकट में भी तलाशी जारी
एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने बताया कि एजेंसियां इस मामले में पूरे देश में सक्रिय हैं। कैलिफोर्निया और कनेक्टिकट जैसे राज्यों में भी तलाशी और पूछताछ की जा रही है। मौके से बरामद हथियारों और दस्तावेजों को जांच के लिए क्वांटिको स्थित एफबीआई प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि अधिकारियों ने हमले से पहले भेजे गए उस ‘घोषणापत्र’ (एंटी ट्रंप मैनीफेस्टो) का भी जिक्र किया, जिसमें एलन ने अपने लक्ष्यों का ब्योरा दिया था। काश पटेल ने बताया कि होटल के कमरे से कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही, उन्होंने बढ़ती राजनीतिक हिंसा और भड़काऊ बयानबाजी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।
इसे भी पढ़ेंः हमले से पहले आरोपी ने परिवार को भेजा था ‘एंटी-ट्रंप मेनिफेस्टो’, कौन था निशाने पर?

