Thursday, October 9, 2025
Homeभारत'तेजस्वी की सभा में पीएम मोदी की दिवंगत माँ के लिए फिर...

‘तेजस्वी की सभा में पीएम मोदी की दिवंगत माँ के लिए फिर अपशब्दों का इस्तेमाल’, भाजपा ने दर्ज कराई FIR

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि राजद की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी की माताजी के लिए अत्यंत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। मंच पर तेजस्वी यादव मौजूद थे, लेकिन उन्होंने अपने समर्थकों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।

पटना: भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माँ के लिए एक बार फिर अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। भाजपा का आरोप है कि यह घटना तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान हुई। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पटना के गांधी मैदान थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

बिहार में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक माहौल काफी गरमाया हुआ है। इससे पहले, पिछले महीने दरभंगा में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मंच पर भी एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री की दिवंगत माँ के लिए कथित तौर पर अपशब्द कहे थे।

भाजपा का आरोप तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को उकसाया

बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर आरोप लगाते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माँ के लिए अपशब्द कहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इसे बिहार की संस्कृति पर एक बड़ा आघात बताया।

चौधरी ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मोदी जी की दिवंगत माँ का अपमान किया है। उन्होंने बिहार की संस्कृति को तार-तार कर दिया है। रैली में आरजेडी के कार्यकर्ता जितनी गालियाँ दे सकते थे, उतनी दे रहे थे, और तेजस्वी उन्हें प्रोत्साहित कर रहे थे। बिहार की माताएँ और बहनें इस गुंडागर्दी और गाली-गलौज वाली मानसिकता के लिए उनसे जरूर हिसाब लेंगी।” हालाँकि, बोले भारत ने स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि एक बार फिर तेजस्वी यादव की यात्रा के दौरान पीएम मोदी जी की दिवंगत माँ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया… और आरजेडी नेता अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा रहे थे… यह चौंकाने वाला है… यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि शनिवार को फिर पातेपुर विधानसभा में राजद की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी की माताजी के लिए अत्यंत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।

मालवीय ने लिखा कि मंच पर तेजस्वी यादव मौजूद थे, लेकिन उन्होंने अपने समर्थकों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। पहले बिहार कांग्रेस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से वीभत्स वीडियो जारी किया और अब राजद ने प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कराया। यही है विपक्ष की राजनीति-न सभ्यता, न संस्कार।

भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, अपमानजनक टिप्पणी में पीएचडी कर चुके तेजस्वी यादव और उनके गुर्गों की यह एक और शर्मनाक हरकत है। यह अभद्र भाषा दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हार की बौखलाहट का नतीजा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि तेजस्वी और राजद याद रखें, आपका संस्कार और आपका चरित्र सड़क पर आ चुका है। बिहार और देश की जनता सब देख रही है। अब पानी सिर से ऊपर गुजर रहा है। 14 करोड़ बिहारवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना बहुत महंगा साबित होगा और करारा जवाब मिलेगा।

भाजपा ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा में काफी नाराजगी है। भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पटना के गांधी मैदान थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष को संबोधित पत्र में लिखा, “20 सितंबर की रात करीब 10 बजे मैंने अपने सोशल मीडिया पर देखा कि बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और महुआ विधायक मुकेश कुमार रौशन की मौजूदगी में आयोजित एक जनसभा में देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की गई। यह कृत्य अशोभनीय और अस्वीकार्य है।”

सिंह ने आरोप लगाया कि महुआ के गांधी मैदान में ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान सभा में प्रधानमंत्री को लेकर अपमानजनक नारे लगाए गए। उन्होंने कहा, “यह आचरण न केवल अपराध की श्रेणी में आता है, बल्कि इससे देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। घटना के समय तेजस्वी यादव और मुकेश रौशन स्वयं मंच पर मौजूद थे। अतः इस पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।”

राजद ने क्या कहा?

वहीं, राजद की ओर से इस आरोप को पूरी तरह खारिज किया गया। राजद जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, किसी की मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल निंदनीय है। लेकिन सच यह है कि राजद के किसी भी मंच से ऐसी बात नहीं कही गई। वीडियो फुटेज देखकर साफ हो जाएगा कि यह आरोप बेबुनियाद है।

उन्होंने आगे कहा कि राजद के लोग इतने संस्कारी हैं कि इस तरह की भाषा पर विश्वास ही नहीं करते। भाजपा और आरएसएस, तेजस्वी यादव की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर यह साजिशन प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का दावा पूरी तरह गलत है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान ऐसा ही वाकया सामने आया था। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन की आलोचना की गई थी। अब, एक बार फिर से उसी कृत्य को लेकर तेजस्वी विवादों में घिर गए हैं।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा