Homeभारतसूरजकुंड हादसे के बाद झूला संचालक और कर्मचारी गिरफ्तार, सीएम सैनी का...

सूरजकुंड हादसे के बाद झूला संचालक और कर्मचारी गिरफ्तार, सीएम सैनी का सख्त आदेश

फरीदाबाद के सूरजकुंड में शनिवार को झूला गिरने की घटना के बाद संचालक और कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। सीएम सैनी ने घटना को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।

Surajkund Swing Tragedy: फरीदाबाद सूरजकुंड मेले में शनिवार (7 फरवरी) को हुए हादसे के बाद रविवार (8 फरवरी) को झूला संचालक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को मेले में एक विशाल ‘सुनामी झूला’ टूटकर गिर गया था जिसमें ड्यूटी कर रहे एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई थी। इसके अलावा 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सीएम नायब सैनी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, शनिवार को यह घटना शाम में करीब 6 बजकर 15 मिनट पर हुई। इस झूले में 26 लोग थे। तभी अचानक से झूला एक तरफ झुक गया और जमीन पर गिर गया।

फरीदाबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई थी एफआईआर

पुलिस ने इससे पहले इस मामले में एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की थी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह एफआईआर सूरजकुंड पुलिस स्टेशन में झूला संचालक और कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के अंतर्गत दर्ज की गई थी।

पीटीआई ने फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता के हवाले से लिखा कि घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने दो आरोपियों हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रहने वाले मोहम्मद शाकिर और उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रहने वाले नितेश को गिरफ्तार किया है। जहां शाकिर हिमाचल फन केयर का मालिक है जो बड़े झूलों का संचालन करती है, वहीं नितेश शाकिर के साथ काम करता था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद (58) फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश में शहीद हो गए। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद रविवार को उनका शव परिवार को सौंप दिया गया।

गुप्ता ने बताया कि सभी घायलों का दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। सूरजकुंड मेले में प्रवेश द्वार संख्या 2 पर एक डिजाइनर गेट गिरने के बाद यह दूसरी घटना है।

सीएम सैनी ने दिए निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों। इसके साथ ही मेले और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें।

सैनी ने कहा कि झूले के गिरने से हुई मौतें और चोटें दर्दनाक हैं और उन्होंने बताया कि इसके पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।

हरियाणा के सीएम ने गंभीर रूप से घायल लोगों को राज्य सरकार की तरफ से एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। सैनी ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने शनिवार को कहा था कि इस घटना में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का भी आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि प्रसाद को शहीद का दर्जा भी दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सूरजकुंड मेले में रोजाना झूलों का निरीक्षण होता है और रिपोर्ट तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular