Saturday, October 11, 2025
Homeभारतसिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन से बिगड़े हालात, 1,500 सैलानी फंसे,...

सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन से बिगड़े हालात, 1,500 सैलानी फंसे, 8 पर्यटक तेज बहाव में लापता

गंगटोकः सिक्किम के उत्तरी इलाकों में लगातार बारिश जारी है। इसके चलते हुए भूस्खलनों ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को करीब 1,500 पर्यटक लाचेन और लाचुंग क्षेत्रों में फंस गए, क्योंकि भूस्खलनों की वजह से मुख्य सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई।

गुरुवार रात मंगन जिले के मुनसिथांग क्षेत्र में एक पर्यटक वाहन लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर चलते समय अनियंत्रित होकर 1,000 फीट गहरी खाई में गिरकर तीस्ता नदी में समा गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो को गंभीर हालत में गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यूपी समेत इन राज्यों के 8 पर्यटक लापता

वाहन में कुल 11 लोग सवार थे जिनमें से 8 पर्यटक अब भी लापता हैं। लापता पर्यटकों में- ओडिशा से अजीत कुमार नायक, सुनीता नायक, साहिल जेना़, इत्शिरी जेना और त्रिपुरा से देबज्योति जॉय देव, स्वप्ननिल देव जबकि उत्तर प्रदेश से कौशलेंद्र प्रताप सिंह, अंकिता सिंह शामिल हैं।

मंगन जिला कलेक्टर अनंत जैन ने बताया कि हादसे की जगह के पास नदी किनारे से चार पहचान पत्र और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वाहन चालक की पहचान पासांग डेन्नु शेर्पा (नॉर्थ सिक्किम के सिंहिक निवासी) के रूप में हुई है, जो भी वाहन में सवार था।

राहत कार्यों में बारिश और नदी की उफान से बाधा

शनिवार को भारी बारिश और तीस्ता नदी के जलस्तर में तेज वृद्धि के चलते लापता लोगों की तलाश अभियान रोक दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सोनम डेचू भूटिया ने कहा, “लगातार बारिश और उफनती तीस्ता ने खोज-बचाव अभियान को असंभव बना दिया है।”

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, जिला प्रशासन ने बताया कि शनिवार सुबह से फिदांग बेली ब्रिज, जो मंगन को चुंगथांग से जोड़ता है, उसकी एक नींव तीस्ता की तेज धारा में क्षतिग्रस्त हो गई है। पुनर्स्थापन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मंगन जिले के थींग और चुंगथांग क्षेत्रों में भी कई जगह भूस्खलन हुए हैं, जिससे कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार को क्षेत्र में बादल फटने की घटना के कारण भी तीस्ता का जलस्तर और तेजी से बढ़ा है।

पर्यटकों को होटलों में रुकने की सलाह, मोबाइल नेटवर्क बहाल

एसपी भूटिया के अनुसार, लाचेन में 115 और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे हुए हैं। चूंकि दोनों ओर से सड़क मार्ग बंद है, इसलिए पर्यटकों को फिलहाल होटलों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। जैसे ही सड़कें पूरी तरह खुलेंगी, उन्हें निकाला जाएगा।

मोबाइल नेटवर्क और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी, जिसे शनिवार शाम तक बहाल कर दिया गया। पीने के पानी की आपूर्ति बहाल करने के प्रयास रविवार तक पूरे किए जाने की संभावना है।

शनिवार शाम को लाचुंग का एक मार्ग आंशिक रूप से खोल दिया गया, लेकिन पेगोंग से फिदांग तक चुंगथांग मार्ग अब भी बंद है। एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर सिक्किम की यात्रा के लिए किसी को भी पर्यटक परमिट जारी नहीं किया गया है और रविवार को भी जारी नहीं होंगे। जिला कलेक्टर अनंत जैन खुद मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तीव्र बारिश को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने, नदी किनारे जाने से बचने और ढलानों पर सतर्क रहने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा