Friday, March 20, 2026
Homeमनोरंजन'सरके चुनर' गाने को लेकर नोरा फतेही और संजय दत्त की बढ़ी...

‘सरके चुनर’ गाने को लेकर नोरा फतेही और संजय दत्त की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग ने किया तलब

महिला आयोग ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम, केवीएन ग्रुप के निर्माता वेंकट के. नारायण और किरण कुमार को 24 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने का आदेश दिया है।

नई दिल्ली: आगामी कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने “सरके चुनर” में कथित अश्लीलता और फूहड़ता को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त सहित फिल्म से जुड़े अन्य प्रमुख लोगों को समन जारी किया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि मीडिया रिपोर्टों के आधार पर इस गाने में मौजूद सामग्री का स्वतः संज्ञान लिया गया है। आयोग का मानना है कि प्रथम दृष्टया यह गाना यौन रूप से उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी अधिनियम और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करता है।

महिला आयोग ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम, केवीएन ग्रुप के निर्माता वेंकट के. नारायण और किरण कुमार को 24 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होने का आदेश दिया है। इन सभी को संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा गया है। आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सकती है।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद इस हफेत की शुरुआत में यूट्यूब पर गाना रिलीज होने के बाद शुरू हुआ। गाने के बोल और इसके दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली, जिसके बाद विवादित सामग्री को देखते हुए इसे वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।

विवाद बढ़ने पर फिल्म से जुड़े कलाकारों ने खुद को इससे अलग कर लिया है। नोरा फतेही, जो इस गाने के डांस वीडियो में संजय दत्त के साथ नजर आई हैं, ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इसका कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने पहली बार इसका हिंदी संस्करण सुना, तभी निर्माताओं को इसके बोल को लेकर आपत्ति जताई थी।

नोरा फतेही ने बुधवार दोपहर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि वह इस तरह की सामग्री का समर्थन नहीं करती हैं।

अपनी पोस्ट के कैप्शन में नोरा ने लिखा, “मैं कभी नहीं चाहूंगी कि कोई यह सोचे कि मैं इस (अश्लीलता) का समर्थन करती हूं। मैं इस विरोध के लिए आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं, क्योंकि इसी दबाव के कारण फिल्म निर्माताओं ने आखिरकार इस गाने को हटा लिया है।”

Dhurandhar 2 ‘शोले’ से भी 100 गुना अधिक भव्य है, राम गोपाल वर्मा ने बताया- नई सिनेमाई क्रांति, रिलीज से पहले रिकॉर्ड कमाई

वहीं, कन्नड़ से हिंदी में अनुवाद करने वाले गीतकार रकीब आलम ने भी कहा कि उन्होंने निर्माताओं को पहले ही चेतावनी दी थी कि हिंदी बोल अश्लील लग रहे हैं। रकीब के अनुसार, उन्हें निर्देश दिया गया था कि वे कन्नड़ बोलों का सीधा (शाब्दिक) अनुवाद करें और उन्होंने वही किया। गौरतलब है कि इस गाने के मूल कन्नड़ बोल फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखे हैं।

प्रेम द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं और यह 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।

बादशाह को भी समन

tateeree song, badshah, Badshah new song controversy,
बादशाह के टटीरी गाने को लेकर विवाद में दर्ज हुई एफआईआर। फोटोः सोशल मीडिया

सरके चुनर के अलावा महिला आयोग ने हरियाणवी हिप-हॉप गाने ‘टटीरी’ (Tateeree) के मामले में भी स्वतः संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने गाने के सिंगर मशहूर रैपर बादशाह को कथित अश्लीलता और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक चित्रण के मामले में समन जारी किया है। आयोग ने कहा कि गाने की सामग्री प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और महिला अशिष्ट रूपण (निषेध) अधिनियम का उल्लंघन करती है। इसी विवाद के चलते और एक एफआईआर दर्ज होने के बाद, यूट्यूब ने इस गाने को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।

ये भी पढ़ेंः विवादों के बाद भी यूट्यूब पर ‘टटीरी’ की धूम, AI की मदद से बनाए जा रहे गाने के रीमिक्स

इस मामले में आयोग ने बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) के साथ-साथ गाने के निर्देशकों और निर्माता को भी 25 मार्च, 2026 को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ पेश होने का निर्देश दिया है। 1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने के बोल खुद बादशाह ने लिखे थे और इसके म्यूजिक वीडियो का निर्देशन माही संधू व जोबन संधू ने किया था। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय पर उपस्थित न होने की स्थिति में कानून के अनुसार उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments