मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना से पूरी फिल्म इंडस्ट्री गहरी चिंता में है। इस मामले में इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को पत्र लिखकर घटना पर चिंता जताई है और मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने की अपील की है।
यह घटना रविवार रात करीब 12 बजे रोहित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत ‘प्राइम’ की पहली मंजिल पर हुई। अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की। एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे को चीरते हुए अंदर जा लगी। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्राइम ब्रांच ने निर्देशक का बयान भी दर्ज किया है।
आईएफटीडीए ने क्या कहा
आईएफटीडीए ने अपने बयान में कहा कि पूरा फिल्म जगत भारतीय मनोरंजन उद्योग के सबसे सम्मानित और प्रतिष्ठित फिल्मकारों में से एक की सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे में है। संगठन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
संस्था ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से अपील की कि वह स्वयं इस मामले को देखें ताकि इस गंभीर घटना से फिल्म इंडस्ट्री का मनोबल और भरोसा कमजोर न पड़े।
एसोसिएशन ने सीएम को लिखे पत्र में कहा, “पूरी फिल्म बिरादरी भारतीय मनोरंजन उद्योग के सबसे सम्मानित निर्देशकों में से एक की सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे में है। ऐसी घटनाएं इंडस्ट्री में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जो अस्वीकार्य है। हम मुख्यमंत्री जी से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील करते हैं ताकि फिल्म जगत का मनोबल न टूटे।” संस्था ने मुंबई पुलिस की कार्यक्षमता पर भरोसा जताते हुए रोहित शेट्टी और उनके परिवार को पूर्ण सुरक्षा देने की मांग की है।
मुंबई पुलिस ने 5 को हिरासत में लिया
शुरुआत में मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही थी, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस ने इस सिलसिले में पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
क्राइम ब्रांच इलाके की सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं और इसी आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमों का गठन किया गया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने
जांच के दौरान सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि वांटेड गैंगस्टर शुभम लोनकर इस मामले का मास्टरमाइंड हो सकता है। शुभम लोनकर फिलहाल फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम लोनकर ने न सिर्फ घटना की जिम्मेदारी ली थी, बल्कि फायरिंग करने वालों को लॉजिस्टिक मदद भी दी थी। प्रारंभिक जांच में उसका नाम एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी सामने आ चुका है।
रोहित शेट्टी का बयान दर्ज, सुरक्षा बढ़ाई गई
मुंबई क्राइम ब्रांच ने रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर लिया है और उनके आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहित शेट्टी ने अपने करीबी लोगों से फिलहाल घर न आने का अनुरोध किया है।

