Homeभारत15 हजार की नौकरी में 65 लाख का घर, फार्महाउस! जांच के...

15 हजार की नौकरी में 65 लाख का घर, फार्महाउस! जांच के घेरे में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी की संपत्तियां

जांच एजेंसियां वैसे केवल अनुकल्प मिश्रा तक सीमित नहीं हैं। इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की भी जांच की तैयारी की जा रही है, ताकि कथित धन के पूरे नेटवर्क और मनी ट्रेल का पता लगाया जा सके।

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में शामिल अनुकल्प मिश्रा की संपत्तियों को लेकर जांच लगातार गहराती जा रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महज 15 हजार रुपये मासिक वेतन पाने वाले अनुकल्प ने आखिर इतनी महंगी संपत्तियां कैसे जुटाईं।

जांच के दायरे में अयोध्या में उसका करीब 65 लाख रुपये का मकान, पैतृक गांव बसावा में हाल ही में बनाया गया एक फार्म हाउस, एक लाख रुपये से अधिक की कीमत की बाइक और हाल में कथित तौर पर बुक कराई गई महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी शामिल हैं। पुलिस यह जांच रही है कि इन संपत्तियों की खरीद वैध आय से हुई या फिर श्रद्धालुओं के दान में कथित गबन से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनुकल्प ने अपने पैतृक गांव बसावा के बाहरी इलाके में हाल ही में एक फार्महाउस बनवाया है। गांव में उसका घर भी दूसरे घरों से कहीं ज्यादा बेहतर है। इसके अलावा पिछले साल उसने अयोध्या में एक मकान खरीदा था, जिसकी वर्तमान कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि खरीद में इस्तेमाल धन के स्रोत का पता लगाया जा सके।

यह वित्तीय जांच और तेज इसलिए भी गई कि रविवार को कौशलपुरी स्थित अनुकल्प के घर पर तलाशी के दौरान संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज बरामद हुए। इसके बाद जांच एजेंसियों ने बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।

एसयूवी खरीदने की तैयारी के दावों की भी जांच

जांच एजेंसियां उन रिपोर्टों की भी पड़ताल कर रही हैं, जिनमें दावा किया गया है कि पहले से एक गाड़ी होने के बावजूद अनुकल्प मिश्रा ने गिरफ्तारी से कुछ समय पहले महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी खरीदने की बुकिंग की थी। अधिकारियों का कहना है कि इन कथित संपत्तियों से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें खरीदने के लिए इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था और वह धन कहां से आया।

पुलिस यह भी सत्यापित कर रही है कि सीमित आय होने के बावजूद अनुकल्प ने हाल ही में एक लाख रुपये से अधिक कीमत की मोटरसाइकिल खरीदी थी।

इसके अलावा इसी साल अप्रैल में उसने अपने गांव में सात दिनों का एक भव्य धार्मिक आयोजन किया था, जिसमें कई लोग शामिल हुए। हालांकि, जांच अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा परिवार की आर्थिक स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में अचानक सुधार के दावे फिलहाल केवल जांच के सुराग के तौर पर देखे जा रहे हैं।

जांच एजेंसियां अब केवल अनुकल्प मिश्रा तक सीमित नहीं हैं। इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की भी जांच की तैयारी की जा रही है, ताकि कथित धन के पूरे नेटवर्क और मनी ट्रेल का पता लगाया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के नाम पर दर्ज जमीन, मकान और अन्य अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड, बिक्री विलेख (सेल डीड), नामांतरण (म्यूटेशन) और पिछले कुछ वर्षों में हुए संपत्ति लेनदेन की जांच की जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस बैंक खातों, बड़े वित्तीय लेनदेन, निवेश, बीमा पॉलिसियों, लॉकर और अन्य वित्तीय साधनों की भी पड़ताल करेगी। जांच के दौरान आयकर रिटर्न और उपलब्ध वित्तीय रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया जाएगा, ताकि घोषित आय और अर्जित संपत्तियों के बीच किसी प्रकार का अंतर या आय से अधिक संपत्ति के संकेतों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर दान घोटाला मामले में SC का तत्काल सुनवाई से इनकार, कहा- कुछ दिन बाद सुनवाई होगी तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular