Homeभारतपंजाब कांग्रेस में 'पावर वॉर', भूपेश बघेल से मिले चन्नी गुट के...

पंजाब कांग्रेस में ‘पावर वॉर’, भूपेश बघेल से मिले चन्नी गुट के नेता; क्या निकला नतीजा

पंजाब में अगले साल होने वाले चुनाव से ठीक पहले राज्य कांग्रेस में उठे विवाद ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। फिलहाल शनिवार को हुई बैठक के बाद भी पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर असहमति पूरी तरह खत्म होती नहीं दिख रही है।

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर जारी अंदरूनी खींचतान फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में पार्टी के नाराज नेताओं ने शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात की। हालांकि, लंबी बैठक के बावजूद तत्काल किसी समाधान का ऐलान नहीं हो सका। सूत्रों के मुताबिक 92 से अधिक नेताओं ने बैठक में अपनी बात रखी। ये नेता पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पद पर बनाए रखने के फैसले से असंतुष्ट हैं।

बघेल ने कहा- फैसला बदलना मेरे हाथ में नहीं

बैठक में नेताओं की बात सुनने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने का फैसला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी नेताओं की भावनाओं और सुझावों से पार्टी हाईकमान को अवगत कराया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मौजूद अधिकांश नेताओं ने राजा वड़िंग को बदलने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वड़िंग के नेतृत्व में राज्यभर में कांग्रेस नेताओं के बीच विभाजन की स्थिति पैदा हुई है। बैठक के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और इस बात को स्वीकार किया गया कि कई बार पार्टी को अपने फैसलों पर पुनर्विचार भी करना पड़ता है।

उन्होंने कहा, ‘हमारी मांग स्पष्ट थी। हम पंजाब में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर प्रभावी ढंग से लड़ने के लिए पार्टी में एकता जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही ऐसा नेतृत्व भी चाहिए जो बेबाक और मजबूत तरीके से अपनी बात रख सके। हमें समझौता करने वाला नेतृत्व नहीं चाहिए।’

बघेल बोले- कोई हाईकमान के फैसले से नाराज नहीं

बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि वरिष्ठ नेता राणा गुरजीत सिंह के आग्रह पर यह बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं ने खुलकर अपनी बातें रखीं।

बघेल ने कहा, ‘किसी को भी हाईकमान के फैसले पर आपत्ति नहीं है। सभी नेता पार्टी नेतृत्व के साथ हैं। कुछ साथियों ने अपनी चिंताएं और सुझाव रखे हैं, जिन्हें मैं हाईकमान तक पहुंचाऊंगा। मैं यह भी सुनिश्चित करूंगा कि किसी नेता के साथ सिर्फ इसलिए अन्याय न हो क्योंकि उसके पीछे कोई बड़ा नेता नहीं है। जो उम्मीदवार जीतने की क्षमता रखता होगा, उसे टिकट जरूर मिलेगा।’

उन्होंने यह भी दावा किया कि बैठक में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से राजा वड़िंग को हटाने को लेकर कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई। दूसरी ओर बैठक में शामिल कई नेताओं का कहना है कि उन्होंने भूपेश बघेल के सामने राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी स्पष्ट रूप से जताई और नेतृत्व परिवर्तन की मांग दोहराई।

पंजाब में अगले साल होने वाले चुनाव से ठीक पहले राज्य कांग्रेस में उठे विवाद ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। फिलहाल शनिवार को हुई बैठक के बाद भी पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर असहमति पूरी तरह खत्म होती नहीं दिख रही है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी हाईकमान पूरे मुद्दे पर किस तरह आगे बढ़ता है और क्या फैसले लिए जाते हैं।

यह भी पढ़ें- ’20-30 करोड़, मंत्री पद का ऑफर’, उमर अब्दुल्ला का BJP पर पार्टी तोड़ने की कोशिश का आरोप

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular