Homeभारत'छात्रों पर आंसू गैस, लाठीचार्ज, पैलेट गन चलाने की क्या जरूरत थी?',...

‘छात्रों पर आंसू गैस, लाठीचार्ज, पैलेट गन चलाने की क्या जरूरत थी?’, लोकसभा में भाषण के दौरान सरकार पर भड़कीं प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने यह टिप्पणी लोकसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है।

नई दिल्ली: वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने मंगलवार (28 जुलाई) को लोकसभा में भाषण के दौरान सरकार को जमकर घेरा। इस दौरान उन्होंने छात्रों के संसद मार्च के दौरान की गई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला बोला। अपने भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों पर आंसू गैस, लाठीचार्ज, पैलेट गन चलाने की क्या जरूरत थी?

प्रियंका गांधी ने यह टिप्पणी लोकसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा।

प्रियंका गांधी ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मांगा जवाब

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि ” मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पूछना चाहती हूं कि छात्रों पर आंसू गैस छोड़ने, लाठीचार्ज करने, पैलेट गन और एके-47 का इस्तेमाल करने की क्या जरूरत थी? क्या वे छात्र आतंकवादी थे? देश के युवाओं पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया? क्या यह आदेश प्रधानमंत्री ने दिया या गृह मंत्री ने? इसका जवाब उन्हें देना होगा। सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, पूरा देश इसका जवाब मांग रहा है। “

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले वह दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में उस छात्रा का हालचाल जानने गई थीं, जो पुलिस लाठीचार्ज में घायल होने के बाद आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही थी।

प्रियंका गांधी ने बताया कि उनके अस्पताल पहुंचने से कुछ समय पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और अन्य नेता भी छात्रा से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब वह वहां पहुंचीं तो छात्रा की मां बेहद दुखी थीं और उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि ” आपके आने के लिए धन्यवाद लेकिन मैं किसी से मिलना नहीं चाहती। मैं किसी से बात नहीं करना चाहती। सुबह से बड़े-बड़े नेता एक के बाद एक आ रहे हैं, वीडियो बना रहे हैं। मेरी बेटी की इस हालत के लिए जो जिम्मेदार हैं, वे भी यहां आए। आखिर क्यों? “

कांग्रेस सांसद ने कहा कि उस मां का दर्द साफ दिखाई दे रहा था और पूरा शरीर कांप रहा था।

10 साल में लीक हुए 152 पेपर

सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार ने लगातार रोजगार पैदा करने वाले सभी क्षेत्रों को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।

उन्होंने कहा, “पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक हुए हैं। इससे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन पेपर लीक माफिया के एक भी सदस्य को सजा नहीं मिली।”

प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि वह देश के युवाओं से आखिर क्यों डर रही है और छात्रों की आवाज दबाने का अधिकार उसे किसने दिया। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन पर बल प्रयोग और परीक्षा प्रणाली की विफलता जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को संसद और देश के सामने जवाब देना चाहिए।

अपने भाषण के दौरान गांधी ने पीएम मोदी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के युवाओं, खासकर जेन जी का विश्वास जीतना है, तो उन्हें सोशल मीडिया वीडियो के लिए फोन कैमरे का नहीं, अपने दिल का एंगल बदलना होगा।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular