Homeभारतभारत ने सेशेल्स को 1.58781 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया,...

भारत ने सेशेल्स को 1.58781 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया, कई अहम क्षेत्रों में होंगे प्रोजेक्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स के राष्ट्रपति की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं।

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर (1,587.81 करोड़) के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की। यह पैकेज सामाजिक आवास, ई-मोबिलिटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को समर्थन देने के लिए दिया जाएगा।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने यह घोषणा सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमिनी के साथ राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान की। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के रिश्तों की मजबूत नींव विकास साझेदारी रही है और भारत के सभी प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और जरूरतों पर आधारित रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, “इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए आज हम 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहे हैं। यह पैकेज सामाजिक आवास, ई-मोबिलिटी, कौशल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को सहयोग देगा।” उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस पैकेज से सेशेल्स में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और खासकर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स के राष्ट्रपति की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ऐतिहासिक पड़ाव भारत-सेशेल्स साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देगा।

भारत और सेशेल्स हिंद महासागर से जुड़े हुए हैंः पीएम मोदी

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के संबंधों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स केवल कूटनीति से नहीं, बल्कि हिंद महासागर से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ा है, संस्कृतियां घुली-मिली हैं और आपसी संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा, हम सिर्फ भौगोलिक रूप से नहीं, बल्कि इतिहास, भरोसे और भविष्य की साझा दृष्टि से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत-सेशेल्स रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत लोगों के बीच संबंधों को बताया। उन्होंने कहा कि सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय ने वहां के सामाजिक और आर्थिक जीवन में अहम योगदान दिया है और पीढ़ी दर पीढ़ी दोनों देशों की दोस्ती को मजबूत किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि एक भरोसेमंद साझेदार और समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स भारत की ‘महासागर’ दृष्टि का अहम हिस्सा है और दोनों देशों का सहयोग जमीन, जल और समुद्र तक फैला हुआ है। संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले दोनों नेताओं ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक भी की।

इससे पहले सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमिनी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा पोस्ट में कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत आज भी भारत-सेशेल्स साझेदारी को दिशा और प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्रपति हरमिनी रविवार को चेन्नई और मुंबई के कार्यक्रमों के बाद नई दिल्ली पहुंचे थे। यह अक्टूबर 2025 में पदभार संभालने के बाद उनकी भारत की पहली यात्रा है, जो भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ी हुई है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular