Homeभारतविवेक विहार अग्निकांड पर पीएम मोदी ने जताया खेद, 2 लाख रुपये...

विवेक विहार अग्निकांड पर पीएम मोदी ने जताया खेद, 2 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

 दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार सुबह एक घर में आग लग गई जिसमें 9 लोग मारे गए।

नई दिल्लीः विवेक विहार अग्रिकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। रविवार (3 मई) को तड़के सुबह एक इमारत में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। पीएम मोदी ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की राशि का ऐलान किया है।

पीएम मोदी ने इस बाबत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया। इस पोस्ट में लिखा ” दिल्ली के शाहदरा जिले में आग लगने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। “

विवेक विहार हादसे में नौ लोगों की मौत

रविवार को दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना तड़के मिली। पुलिस के मुताबिक, विवेक विहार पुलिस स्टेशन में सुबह 3:48 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इससे एक मिनट पहले, सुबह 3:47 बजे सूचना मिली और उन्होंने तुरंत कई टीमें मौके पर भेजीं। सुबह 5 बजे तक कुल 14 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए भेजी गईं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के विवेक विहार में हुई आगजनी की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। ईश्वर शोक-संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन घायलों को सर्वोच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पीयूष गोयल ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के विवेक विहार में आग लगने से हुई दुर्घटना में लोगों के हताहत होने वालों के समाचार से मन विचलित है। इस दुःखद समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करें।

यह भी पढ़ें – दिल्लीः विवेक विहार के रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत; कैसे हुआ हादसा?

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने स्थानीय निवासियों के हवाले से लिखा कि आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular