टेलीविजन अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक्टर पर 16 वर्षीय किशोरी का कथित तौर पर पीछा करने (स्टॉकिंग), बार-बार फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने के आरोप हैं। पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (स्टॉकिंग) और 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) भी लगाई गई हैं।
29 वर्षीय रोहित चंदेल को शुक्रवार को मुंबई के दहिसर स्थित उनके आवास से पंत नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पूर्वी मुंबई की रहने वाली एक नाबालिग लड़की की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में आरोप है कि रोहित चंदेल लगातार अपने मोबाइल नंबर और अन्य कई नंबरों से लड़की को फोन करते थे। उसके विरोध के बावजूद एक्टर ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, जिससे वह परेशान थी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जुलाई को अभिनेता ने किशोरी को उसके आवासीय परिसर के पास रोक लिया, उसका पीछा किया, उससे बहस की, गाली-गलौज की और कथित तौर पर हाथ से मारपीट भी की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर रोहित चंदेल को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी और आरोपों के सामने आने के बाद अभी तक रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कौन हैं रोहित चंदेल?
रोहित चंदेल का जन्म महाराष्ट्र में हुआ था। वह हिंदी टेलीविजन का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह ऐतिहासिक धारावाहिक ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव के किरदार में भी नजर आए थे। हाल ही में वह टीवी शो ‘सैराब’ में दिखाई दिए थे।
ये भी पढ़ेंः राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से लगा झटका, चेक बाउंस मामले में तीन महीने की जेल

