Homeविश्वपाकिस्तान: इस्लामाबाद के शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका,...

पाकिस्तान: इस्लामाबाद के शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका, कई की मौत; 100 से ज्यादा घायल

पाकिस्तानी अखबार ‘द डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक इमाम बारगाह (धार्मिक स्थल) में हुए धमाके में कम से कम 60 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं, 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमलावर ने इस धमाके को अंजाम दिया है। यह विस्फोट शहर के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोपहर के समय एक आत्मघाती हमलावर ने शिया मस्जिद के मुख्य द्वार पर विस्फोटक सामग्री में विस्फोट कर दिया।

सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से ‘द टाइम्स ऑफ इस्लामाबाद’ ने बताया है कि सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश द्वार पर ही हमलावर को रोक दिया था और उसे मुख्य हॉल में प्रवेश करने से रोक दिया, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे।

हालांकि, रोके जाने के बावजूद विस्फोट से भारी नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना जबर्दस्त था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। साथ ही मलबा सड़क पर बिखर गया। सामने आए कुछ वीडियो में कई क्षत-विक्षत शव भी दिखाई दे रहे, जिनके अंग अलग-अलग हो गए थे।

शहर में इमरजेंसी की घोषणा, बचाव कार्य और जांच जारी

विस्फोट के बाद इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक ने पूरे शहर में आपातकाल घोषित कर दिया है, जबकि बचाव दल और दूसरी जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंची हैं।

पाकिस्तानी अखबार द डॉन की रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

राजधानी के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमस), और सीडीए अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है।

पीआईएमस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ईडी) के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को एक्टिव कर दिया गया है।

यह घटना 11 नवंबर, 2025 को इस्लामाबाद में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के बाहर हुए आत्मघाती विस्फोट के तीन महीने से भी कम समय बाद हुई है। उस विस्फोट में बारह लोग मारे गए थे और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।

बहरहाल, शुक्रवार की घटना के कुछ देर बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का भी बयान सामने आया। उन्होंने शिया मस्जिद में हुए विस्फोट की कड़ी निंदा की।

अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान और जांच जारी रहने के कारण धमाके वाली जगह के आसपास के इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

इस धमाके की टाइमिंग अहम है। दरअसल, पाक सशस्त्र बल दावा कर रहे हैं कि वो सशस्त्र आतंकियों का खात्मा कर रहे हैं। एक दिन पहले ही इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा था कि सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ों और क्लीयरेंस ऑपरेशन्स में करीब 216 आतंकवादियों को मार गिराया है।

(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular