Home News बकरीद के दिन नहीं होगी CUET-UG परीक्षा, NTA का ऐलान

बकरीद के दिन नहीं होगी CUET-UG परीक्षा, NTA का ऐलान

 NTA ने बकरीद की छुट्टी के चलते 28 मई को होने वाली CUET-UG परीक्षा स्थगित कर दी है।

nta-cancel-cuet-ug-exan-on-28-may eid ul ajha, एनटीए, ईद-उल-अजहा
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। अब बकरीद (ईद-उल-जुहा) की छुट्टी के चलते 28 मई को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

एनटीए ने इस संबंध में एक नोटिस जारी किया है। इसके तहत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 22 मई के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव किया गया है। इसी के मद्देनजर 28 मई को दोनों शिफ्ट में आयोजित होने वाली सीयूईटी (यूजी) 2026 परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है।

NTA ने क्या कहा?

एनटीए ने बताया कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट और सीयूईटी की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार एनटीए हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल के जरिए भी अपनी समस्या भेज सकते हैं।

गौरतलब है कि बकरीद की छुट्टी के दिन सीयूईटी का पेपर होने के चलते छात्रों और अभिभावकों ने चिंता जाहिर की थी। ऐसे में अब परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

यह भी पढ़ें – पश्चिम बंगाल: फाल्टा चुनाव में भाजपा की बंपर जीत, देबांगशु पांडा ने 1 लाख से ज्यादा मतों से मारी बाजी; TMC की जमानत जब्त

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस बीच रद्द की गई नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी बैंक डिटेल जमा कर परीक्षा शुल्क का रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।

छात्रों को कैसे प्राप्त होगा रिफंड?

एनटीए की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, नीट-यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर रिफंड का विकल्प सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा के लिए पंजीकरण कराने वाले उम्मीदवार अपने एप्लिकेशन क्रेडेंशियल्स के जरिए लॉगिन कर रिफंड लिंक पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

रिफंड पाने के लिए उम्मीदवारों को बैंक खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी देनी होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल जमा करने के बाद उसमें किसी तरह का बदलाव या सुधार नहीं किया जा सकेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें – एस जयशंकर और मार्को रूबियो के बीच बैठक, रक्षा, एआई समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

रिफंड प्रक्रिया के लिए बैंक डिटेल जमा करने की अंतिम तारीख 27 मई रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version