Homeखेलकूद'वर्ल्ड कप देश की इज्जत से ऊपर नहीं…', बांग्लादेश ने अपने मैच...

‘वर्ल्ड कप देश की इज्जत से ऊपर नहीं…’, बांग्लादेश ने अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने को लेकर फिर बनाया ICC पर दबाव

बांग्लादेश की ओर से कहा गया है कि टी20 वर्ल्ड कप में अपने मैच के वेन्यू को बदलने को लेकर जल्द ही ICC को एक और विस्तृत पत्र भेजा जाएगा, जिसके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

ढाका: बांग्लादेश ने भारत में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलने की मांग को लेकर अपना रुख और कड़ा कर लिया है। देश की मौजूदा अंतरिम सरकार ने कहा है वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना देश की गरिमा या अपने क्रिकेटरों की सुरक्षा की कीमत पर नहीं हो सकता। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरु़ल ने बुधवार को कहा कि ढाका इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के सामने बांग्लादेश के मैचों को सह-मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट करने के लिए फिर से मजबूत दलील देगा। उन्होंने आईसीसी स्थिति की गंभीरता को समझने में नाकाम रहने का भी आरोप लगाया।

नजरुल की ये टिप्पणियां बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के निदेशकों के साथ एक मीटिंग के बाद आईं, जो बांग्लादेश के मैचों का आयोजन स्थल बदलने की औपचारिक गुजारिश पर ICC के लेटर के जवाब में हुई थी। आयोजन स्थल बदलने को लेकर बांग्लादेश की ओर से यह गुजारिश मुस्तफिजुर रहमान से जुड़े हालिया विवाद के बाद हुई थी, जब BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से इस तेज गेंदबाज को रिलीज करने के लिए कहा था।

‘देश की इज्जत की कीमत पर वर्ल्ड कप नहीं’

बैठक के बाद नजरुल ने पत्रकारों से कहा, ‘हम BCB ​​के निदेशकों- बुलबुल भाई, फारूक भाई और बाकी सभी के साथ बैठे। आज हमने हालात पर बात की और हम सब इस बात पर सहमत थे कि बांग्लादेश ने कड़ी मेहनत से टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया है। हम क्रिकेट के दीवाने देश हैं और हम जरूर खेलना चाहते हैं।’

इसके बाद उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हिस्सा लेना किसी भी कीमत पर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, ‘हम अपने क्रिकेटरों, दर्शकों और पत्रकारों की सुरक्षा की कीमत पर, या देश की इज्जत की कीमत पर वर्ल्ड कप नहीं खेलना चाहते।’

उन्होंने आगे कहा, ‘आज ICC से मिले पत्र को पढ़ने के बाद हमें लगा कि वे बांग्लादेशी क्रिकेटरों के लिए भारत में बनी गंभीर सुरक्षा स्थिति को पूरी तरह से समझ नहीं पाए हैं।’

‘सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं…अपमान का भी’

नजरुल ने इस मुद्दे पर आगे कहा कि यह सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मुझे यह सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं लगता, यह राष्ट्रीय अपमान का मामला भी लगता है। जब भारतीय क्रिकेट बोर्ड खुद एक टीम से कह रहा है कि वे इस खिलाड़ी को सुरक्षा नहीं दे सकते और उसे टीम से हटाने के लिए कह रहे हैं, तो इससे ही पता चलता है कि भारत में ऐसा माहौल नहीं है जहाँ खेलना सुरक्षित हो।’

बांग्लादेश के रुख पर उन्होंने कहा, ‘हम क्रिकेट खेलना चाहते हैं, हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, और क्योंकि एक और मेजबान देश श्रीलंका है, इसलिए हम वहाँ खेलना चाहते हैं। हम इस रुख पर कायम हैं। बांग्लादेश की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के सवाल पर कोई समझौता नहीं होगा।’

नजरुल ने पुष्टि की कि जल्द ही ICC को एक विस्तृत पत्र भेजा जाएगा, जिसके बाद बांग्लादेश जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने सरकार की चिंताओं को दोहराते हुए इस बात पर भी जोर दिया कि सुरक्षा की चिंताएँ सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ‘इसमें एक बड़ा समूह शामिल है- पत्रकार, स्पॉन्सर और दर्शक। अकेले बोर्ड के लिए सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना संभव नहीं है।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular