Homeविश्वमेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया 'एल मेंचो' के मारे जाने के बाद...

मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ के मारे जाने के बाद जालिस्को समेत कई इलाकों में हिंसा

एल मेंचो अमेरिका के लिए फेंटानिल और मेथामफेटामाइन जैसे घातक नशीले पदार्थों की तस्करी का मुख्य चेहरा था और उसकी गिरफ्तारी पर 1.5 करोड़ डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित था।

मेक्सिको में सुरक्षा बलों ने दुनिया के सबसे खूंखार और ताकतवर ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ के नाम से कुख्यात नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंट्स को एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया है। जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) के इस मुखिया की मौत को संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि, इस ऑपरेशन के बाद पूरे मेक्सिको में भीषण हिंसा भड़क उठी है और कई राज्यों में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार को जलिस्को राज्य में सेना और विशेष बलों ने एक संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान हुई गोलीबारी में एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे हवाई मार्ग से मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस सैन्य अभियान में एल मेंचो के अलावा चार अन्य अपराधी मौके पर ही मारे गए, जबकि बाद में मरने वालों की कुल संख्या सात तक पहुंच गई। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस ऑपरेशन में पिछले महीने शुरू की गई एक नई अमेरिकी सैन्य कार्यबल ने खुफिया जानकारी साझा कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

सेना की कार्रवाई के बाद कई शहरों में हिंसा और भारी नुकसान

एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही जलिस्को, ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा सहित कई शहरों में उसके कार्टेल के सदस्यों ने कोहराम मचा दिया। सशस्त्र बंदूकधारियों ने हाईवे जाम कर दिए और दर्जनों बसों व कारों में आग लगा दी।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, मैक्सिको की मिलिट्री ने एक ऑपरेशन में ओसेगुएरा को मार डाला, जो ऑर्गनाइज्ड क्राइम के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका था। इस हत्या ने कार्टेल के खिलाफ सरकार की लड़ाई को और बढ़ा दिया और गैंग की हिंसक प्रतिक्रिया शुरू हो गई है।

वॉशिंगटन पोस्ट ने बताया कि कार्टेल लीडर की मौत से जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के कंट्रोल वाले इलाकों में हिंसा फैल गई, जिसमें ग्वाडलहारा और दूसरे शहरों में कारें जलाना और सड़कें जाम करना शामिल था।

फॉक्स न्यूज ने कहा कि ओसेगुएरा उर्फ ‘एल मेंचो’ को जलिस्को में एक मिलिट्री ऑपरेशन में मारा गया। सीएनएन ने बताया कि रेड के बाद कई राज्यों में हिंसा भड़क गई, जिसमें संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने बसों और दुकानों में आग लगा दी और सिक्योरिटी फोर्स के साथ झड़प हुई।

न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, सेना द्वारा कार्टेल लीडर को मारने के बाद प्यूर्टो वालार्टा में बंदूकधारियों ने हाईवे जाम कर दिए और गाड़ियों में आग लगा दी।

हिंसा की इन झड़पों में अब तक नेशनल गार्ड के कम से कम सात सदस्यों, एक जेल गार्ड और एक अभियोजक कार्यालय के एजेंट की मौत की खबर है। प्यूर्टो वालार्टा की एक जेल में कैदियों ने भी दंगा शुरू कर दिया है। हिंसा का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है, जिससे ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन ठप हो गया है। कई अमेरिकी एयरलाइंस ने भी मेक्सिको के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

अमेरिका और कनाडा ने क्या कहा?

अमेरिका के डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने इस सफलता का स्वागत करते हुए इसे दुनिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “अच्छे लोग बुरे लोगों से ज्यादा ताकतवर हैं।” हालांकि, उन्होंने मेक्सिको में फैलती हिंसा पर गहरी चिंता भी व्यक्त की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका और कनाडा ने अपने नागरिकों के लिए ‘शेल्टर इन प्लेस’ (जहां हैं वहीं सुरक्षित रहें) की चेतावनी जारी की है और आपातकालीन नंबर साझा किए हैं।

यूएएस और कनाडा से कॉल करने वालों के लिए 1-888-407-4747 और मेक्सिको समेत विदेश से कॉल करने वालों के लिए +1 202-501-4444 नंबर जारी किया गया है।

हिंसा के बीच सोशल मीडिया पर कई फर्जी वीडियो भी प्रसारित हो रहे हैं। मेक्सिको के दूतावास ने स्पष्ट किया है कि ग्वाडलहारा हवाई अड्डे पर एक विमान में आग लगने का जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह पूरी तरह फर्जी है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) द्वारा तैयार किया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से ऐसी भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की है।

कौन था एल मेंचो

गौरतलब है कि एल मेंचो जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का हेड था, जिसे सीजेएनजी के नाम से जाना जाता था। यूएस अधिकारियों ने पहले उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 15 मिलियन डॉलर तक का इनाम देने की पेशकश की थी। एल मेंचो पर अमेरिका में ड्रग तस्करी के आरोप लगे थे और उसे लंबे समय से अमेरिका में फेंटानिल और मेथामफेटामाइन के फ्लो में एक मुख्य व्यक्ति के तौर पर देखा जाता था।

मेक्सिको का यह ऑपरेशन ड्रग तस्करी पर रोक लगाने के लिए वाशिंगटन के लगातार दबाव के बीच हुआ है। हाल के महीनों में अमेरिकी प्रशासन ने मैक्सिको पर कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दबाव डाला है, जबकि मैक्सिकन नेताओं ने सीधे अमेरिकी सैन्य दखल से इनकार कर दिया है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular