भोपाल: मध्य प्रदेश के मुरैना में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। रविवार (14 जून) को ट्रेन की चपेट में आने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। दरअसल, ट्रेन में आग लगने की अफवाह के चलते कुछ यात्री कूद गए और दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से लिखा कि इंजन में आग लगने की अफवाह के बाद खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे चार लोग एक दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना झांसी रेलवे डिवीजन के हेतमपुर और धौलपुर सेक्शन के बीच शाम करीब 4.15 बजे हुई।
मुरैना में हुई घटना में राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। बताते चलें कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार को शाम 4 बजे मुरैना से धौलपुर की तरफ रवाना हुई थी। हेतमपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैली।
इसके बाद यात्रियों ने आग के बारे में सुना जिससे चारों तरफ भगदड़ मच गई। इस अफवाह से लोग डर गए और अपनी जान बचाने के लिए बिना सोचे-समझे ट्रेन से कूद पड़े और दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एबीपीलाइव की खबर के मुताबिक, इस दुर्घटना में अब तक तीन महिला और एक बच्चे की लाश बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें – काकोली घोष के बेटे ने ममता बनर्जी को भेजा कानूनी नोटिस, टिकट विवाद संबंधी टिप्पणी पर माफी की रखी मांग
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय आफरीन, 4 वर्षीय अशद, 60 वर्षीय शकुंतला और 58 वर्षीय वीरमा देवी से हुई है। इस दुर्घटना के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुरैना में हुए हादसे की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि दो महिलाएं और बच्चा आगरा के निवासी हैं जबकि एक अन्य महिला बीकानेर की है।
रेलवे ने दुर्घटना पर क्या कहा?
भारतीय रेलवे ने दुर्घटना को लेकर एक बयान जारी किया है। रेलवे के मुताबिक, रविवार (14 जून 2026) को लगभग 4:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर (HET) धौलपुर (DHO) रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच (इंजन से दूसरा कोच) में किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग की। इसके चलते गाड़ी सेक्शन में रुक गई।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर दूसरी रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

