Home साइंस-टेक mAadhaar जल्द हो जाएगा बंद, नए Aadhaar ऐप में क्या है; जानिए...

mAadhaar जल्द हो जाएगा बंद, नए Aadhaar ऐप में क्या है; जानिए क्या बदलेगा और कैसे करें सेटअप

Aadhaar Representaional Image
प्रतीकात्मक तस्वीर (AI)

भारत की डिजिटल पहचान व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। mAadhaar ऐप को धीरे-धीरे बंद किया जा रहा है और उसकी जगह एक नया, ज्यादा सुरक्षित और नियंत्रित डिजिटल Aadhaar प्लेटफॉर्म आ गया है। यह बदलाव केवल ऐप के डिजाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस तरीके को भी बदल देता है जिससे लोग रोजमर्रा की जिंदगी में अपनी पहचान साझा और सत्यापित करते हैं। नई व्यवस्था में डेटा शेयरिंग को सीमित किया गया है और पहचान सत्यापन (Authentication) के लिए अधिक मजबूत तरीके जोड़े गए हैं।

इस बदलाव के बीच UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने ऑनलाइन Aadhaar दस्तावेज अपडेट करने की मुफ्त सुविधा को एक साल के लिए और बढ़ा दिया है।

अब यूजर्स myAadhaar पोर्टल पर अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज बिना किसी शुल्क के 14 जून 2027 तक अपडेट और सत्यापित कर सकेंगे। पहले यह सुविधा केवल 15 जून 2026 तक उपलब्ध रहने वाली थी, लेकिन आधिकारिक आदेश के बाद इसकी समयसीमा आगे बढ़ा दी गई है।

पुराने mAadhaar ऐप की जगह नया Aadhaar सिस्टम

पुराने mAadhaar ऐप में अक्सर वेरिफिकेशन के दौरान पूरी पहचान दिखाई जाती थी। लेकिन नए सिस्टम में इस तरीके को काफी बदल दिया गया है। अब पहचान साझा करते समय केवल जरूरी जानकारी ही दिखाई जाएगी। इससे डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।

Aadhaar से जुड़े अधिकारियों की ओर से साझा जानकारी के मुताबिक, नया Aadhaar ऐप यूजरों को तेज, ज्यादा सुरक्षित और स्मार्ट डिजिटल अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षित QR-आधारित Aadhaar शेयरिंग जैसी सुविधा भी शामिल की गई है। नए ऐप को यूजर अभी से डाउनलोड कर सकते हैं। इसे दो करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।

नए Aadhaar ऐप को कैसे सेट करें? आसान स्टेप्स में समझें

नए सिस्टम में शुरुआत पहले की तुलना में थोड़ी ज्यादा चरणों वाली होगी। अब केवल एक बार लॉगिन करने के बजाय कई स्तरों पर पहचान सत्यापित करनी होगी।

सेटअप कैसे करें

  • केवल आधिकारिक ऐप स्टोर जैसे गूगल प्ले स्टोर या एप्पल प्ले स्टोर से Aadhaar ऐप डाउनलोड करें।
  • उपलब्ध विकल्पों में से अपनी पसंदीदा भाषा चुनें
  • Aadhaar से लिंक किया गया मोबाइल नंबर दर्ज करें
  • मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करें
  • जरूरत पड़ने पर फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें
  • PIN या बायोमेट्रिक अनलॉक सेट करें
  • Aadhaar नंबर जोड़ें और दोबारा OTP वेरिफिकेशन पूरा करें

इस पूरी प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हर चरण पर यूजरों की पहचान दोबारा जांची जा सके।

डिजिटल पहचान सत्यापन में बड़ा बदलाव

नए Aadhaar सिस्टम में ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया को भी अपग्रेड किया गया है। पहले जहां मुख्य रूप से SMS आधारित OTP पर निर्भरता थी, अब कई अतिरिक्त सुरक्षा स्तर जोड़े गए हैं।

इसमें फेस-बेस्ड ऑथेंटिकेशन, QR कोड आधारित वेरिफिकेशन जैसे तरीके शामिल हैं। OTP तरीका अभी भी रहेगा, लेकिन अब यही एकमात्र तरीका नहीं होगा।

खास तौर पर QR आधारित सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि होटल, अस्पताल, सरकारी दफ्तरों और अन्य सेवा केंद्रों पर पहचान सत्यापन ज्यादा तेज और आसान हो सके।

कुल मिलाकर, नया Aadhaar सिस्टम डिजिटल पहचान को अधिक सुरक्षित, नियंत्रित और जरूरत के मुताबिक साझा करने योग्य बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

नए Aadhaar ऐप में जुड़े नए सुरक्षा फीचर्स

नए Aadhaar ऐप का सबसे बड़ा बदलाव इसकी सिक्योरिटी और यूजर कंट्रोल को लेकर है। पहले की तुलना में अब यूजर्स को अपनी बायोमेट्रिक और पहचान संबंधी जानकारी पर ज्यादा सीधा नियंत्रण मिलेगा। इसका मतलब है कि अब पहचान सत्यापन केवल सिस्टम के भरोसे नहीं रहेगा, बल्कि यूजर खुद तय कर सकेगा कि उसकी जानकारी कब और कैसे इस्तेमाल हो।

नए Aadhar ऐप में सुरक्षा फीचर्स में क्या-क्या है?

  • फिंगरप्रिंट, फेस और आइरिस ऑथेंटिकेशन को लॉक करने की सुविधा
  • अब यूजर जरूरत पड़ने पर अपने बायोमेट्रिक सत्यापन को लॉक कर सकता है, ताकि बिना अनुमति उसका इस्तेमाल न हो सके।
  • साझा (Shared) डिवाइस में किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा पहचान के गलत इस्तेमाल की आशंका कम करने की भी कोशिश की गई है।

यह भी पढ़ें- ‘इको-एंग्जायटी’ क्या है? बढ़ती गर्मी और जलवायु संकट नई पीढ़ी के मन पर कैसे डाल रहे असर

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version