HomeभारतLPG की कालाबाजारी: यूपी में 17 हजार ठिकानों पर छापेमारी, हैदराबाद में...

LPG की कालाबाजारी: यूपी में 17 हजार ठिकानों पर छापेमारी, हैदराबाद में कब्रिस्तान से 414 गैस सिलेंडर बरामद

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, LPG की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कई राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में छापेमारी जारी है। अब तक लगभग 2,900 छापे मारे जा चुके हैं और कल 1,700 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए।

नई दिल्लीः खाड़ी युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में आए उछाल और आपूर्ति की चिंताओं के बीच, भारत के कई हिस्सों में एलपीजी (LPG) सिंलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजरी की भी खबरें हैं। प्रशासन ने इसके खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना ली है।

उत्तर प्रदेश में जहां बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चल रहा है, वहीं हैदराबाद में पुलिस ने अवैध जमाखोरी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सैकड़ों सिलेंडर जब्त किए हैं।

यूपी में 17 हजार से ज्यादा छापेमारी, 17 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में 12 मार्च से अब तक 17,581 छापेमारी और निरीक्षण किए जा चुके हैं। इस दौरान एलपीजी वितरकों के खिलाफ 33 एफआईआर दर्ज हुई हैं, जबकि अन्य मामलों में 189 एफआईआर दर्ज कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 224 लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी की गई है।

ये भी पढ़ेंः Stock Market Holiday: महावीर जयंती पर बंद रहेगा शेयर बाजार, हफ्ते में इन दिनों भी रहेगी छुट्टी

मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिला पूर्ति अधिकारी और स्थानीय प्रशासन लगातार फील्ड में निगरानी कर रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन और गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

राज्य सरकार के मुताबिक, प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। 12,888 पेट्रोल पंपों के जरिए ईंधन की सप्लाई जारी है। 27 से 29 मार्च के बीच बड़े पैमाने पर बिक्री दर्ज की गई, जबकि वर्तमान में करीब 91 हजार किलोलीटर पेट्रोल और 1.15 लाख किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें।

एलपीजी की उपलब्धता भी संतोषजनक बताई गई है। राज्य में 4,107 गैस वितरकों के माध्यम से बुकिंग के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। साथ ही सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है और लंबित अनुमतियों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने 23 मार्च से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों के 20 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन की अनुमति भी दी है।

‘भारत की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित’, कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों के बीच सरकार का बयान; भ्रामक खबरों को लेकर दी चेतावनी

आपूर्ति की निगरानी के लिए खाद्यायुक्त कार्यालय में 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जबकि सभी जिलों में भी कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। सरकार ने साफ किया है कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हैदराबाद में कब्रिस्तान से 414 एलपीजी सिलेंडर जब्त

उधर, हैदराबाद में पुलिस ने बंजारा हिल्स इलाके में एक कब्रिस्तान में छिपाकर रखे गए 414 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कमिश्नर टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस रैकेट का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे। उनके पास से 11 वाहन समेत करीब 21.88 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। जब्त सिलेंडरों में 47 किलोग्राम, 19 किलोग्राम और 5 किलोग्राम के भरे और खाली सिलेंडर शामिल हैं।

जांच में सामने आया है कि इस रैकेट का मुख्य आरोपी लाइसेंसधारी गैस एजेंसी संचालक है, जो नियमों का उल्लंघन कर सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी कर रहा था। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एक बयान में पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कई राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में छापेमारी जारी है। अब तक लगभग 2,900 छापे मारे जा चुके हैं और कल 1,700 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (ओएमसी) ने अब तक एलपीजी वितरकों को 390 से अधिक कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular