Homeखेलकूदकोलकाता में मेसी के कार्यक्रम में हंगामा, खिलाड़ी की झलक नहीं मिलने...

कोलकाता में मेसी के कार्यक्रम में हंगामा, खिलाड़ी की झलक नहीं मिलने पर प्रशंसकों ने तोड़ी कुर्सियां, सीएम ममता ने माफी मांगते हुए क्या कहा?

शनिवार को साल्ट लेक स्थित युवभारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में मेसी की एक झलक पाने पहुंचे हजारों प्रशंसक तब भड़क उठे, जब उन्हें फुटबॉल स्टार को ठीक से देखने का मौका नहीं मिला। नाराज भीड़ ने बोतलें और कुर्सियां फेंकीं और स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

कोलकाता में दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के भारत दौरे (GOAT यानी  ‘ग्रेटेस्ट प्लेयर ऑफ ऑल टाइम) का पहला पड़ाव हंगामे और अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया।

शनिवार को साल्ट लेक स्थित युवभारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में मेसी की एक झलक पाने पहुंचे हजारों प्रशंसक तब भड़क उठे, जब उन्हें फुटबॉल स्टार को ठीक से देखने का मौका नहीं मिला। नाराज भीड़ ने बोतलें और कुर्सियां फेंकीं और स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नाराज प्रशंसक स्टेडियम में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। वे कुर्सियां और बोतले फेकते दिखाई दे रहे हैं।

ममता बनर्जी ने जताया दुख, मेसी और फैंस से मांगी माफी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी और दुख जताया। उन्होंने इसे गंभीर कुप्रबंधन का नतीजा बताया और लियोनेल मेसी के साथ-साथ खेल प्रेमियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, आज साल्ट लेक स्टेडियम में जो कुप्रबंधन देखने को मिला, उससे मैं बेहद व्यथित और स्तब्ध हूं। मैं स्वयं भी हजारों खेल प्रेमियों और प्रशंसकों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्टेडियम जा रही थी, जहां सभी अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेसी की एक झलक पाने के लिए एकत्र हुए थे।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं लियोनेल मेसी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों से दिल से माफी मांगती हूं।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट में घटना की विस्तृत जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति के गठन का भी ऐलान किया। इस समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश आशिम कुमार रे करेंगे, जबकि मुख्य सचिव और गृह एवं पहाड़ी मामलों के विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव इसके सदस्य होंगे। समिति को जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाने का जिम्मा सौंपा गया है।

Kolkata Security personnel attempt to control the crowd as angry fans throw bottles and chairs from the stands creating chaos after footballer Lionel Messi left the ground at the Salt Lake Stadium in Kolkata on Saturday December 13 2025 Photo IANS

क्या हुआ स्टेडियम में

शनिवार सुबह लियोनेल मेसी अपने तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया टूर’ के तहत कोलकाता पहुंचे। वह तड़के करीब 3 बजे एयरपोर्ट पर उतरे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे। हालांकि, मेसी की मौजूदगी महज 10 से 22 मिनट के बीच सिमट गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान वह आयोजकों, नेताओं और मंत्रियों से घिरे रहे। हजारों की संख्या में मौजूद प्रशंसकों को उनकी साफ झलक तक नहीं मिल सकी। जैसे ही मेसी स्टेडियम से रवाना हुए, भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और तोड़फोड़ शुरू हो गई।

स्टेडियम में मौजूद कई प्रशंसकों का आरोप था कि वीआईपी घेराबंदी और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण आम दर्शकों को मेसी से मिलने या उन्हें देखने का मौका नहीं मिला। कई लोगों ने टिकट की कीमतों को भी निशाने पर लिया।

सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि मेसी जैसे खिलाड़ी को देखने के लिए 10 हजार रुपये तक टिकट वसूलना आम जनता के साथ खुली लूट जैसा है। लोगों का आरोप है कि ऊंची कीमत चुकाने के बावजूद उन्हें खिलाड़ी की झलक तक नहीं मिली। ऐसी रिपोर्टें हैं कि कार्यक्रम के टिकट 18,000 रुपये तक बिके थे, जिससे उम्मीदें और ज्यादा थीं।

Kolkata Angry fans throw bottles and chairs creating chaos as footballer Lionel Messi leaves the ground at the Salt Lake Stadium in Kolkata on Saturday December 13 2025 Photo IANS

प्रशंसकों ने क्या आरोप लगाए?

घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि जब ऐसे आयोजनों में प्रशंसकों की बजाय नेताओं और वीआईपी को प्राथमिकता दी जाती है, तो हर बार यही हाल होता है।

कुछ लोगों ने पूरे आयोजन के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि इस अव्यवस्था के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। उनका कहना है कि इतने बड़े आयोजन में भीड़ प्रबंधन और दर्शकों की व्यवस्था पूरी तरह नाकाम रही।

एक महिला प्रशंसक ने कहा कि वे बेहद निराश हैं। उसने कहा, उनका बच्चा मेसी को देखने के लिए बहुत उत्साहित था, लेकिन उन्हें ठीक से देखने का मौका ही नहीं मिला। प्रशंसक ने आरोप लगाया कि जब मेसी पहुंचे तो उन्हें चारों तरफ से घेर लिया गया, जिससे आम दर्शक उनसे दूर ही रह गए। उनका कहना था कि यह आम लोगों के साथ एक तरह का धोखा है।

सिर्फ मेसी को देखने के लिए नेपाल से कोलकाता आए एक प्रशंसक ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि मुझे मेरे परिवार ने यहां इतनी दूर आने की इजाजत दी और मेरा सपना सच कर दिया। मैं मेसी को देखने के लिए कॉलेज छोड़कर आया हूं। मेसी को देखने के लिए मैं पत्नी को तलाक भी दे सकता हूं।

महंगे ‘मीट-एंड-ग्रीट’ टिकट भी चर्चा में

मेसी के भारत दौरे के दौरान ‘मीट-एंड-ग्रीट’ के लिए एक्सक्लूसिव टिकट भी पेश किए गए हैं, जिनकी कीमत 10 लाख रुपये रखी गई है। इस टिकट में एक व्यक्ति की एंट्री, मेसी से व्यक्तिगत मुलाकात और हाथ मिलाने का मौका, छह लोगों के साथ प्रोफेशनल ग्रुप फोटो, भोजन और नॉन-अल्कोहलिक ड्रिंक्स के साथ क्यूरेटेड बफे और GOAT इंडिया टूर के एक मैच का हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी टिकट शामिल है।

मेसी के भारत दौरे का पूरा कार्यक्रम

Kolkata Footballer Lionel Messi arrives at the Salt Lake Stadium in Kolkata Saturday December 13 2025 Photo IANS

लियोनेल मेसी का भारत दौरा तीन दिनों का है।

  • 13 दिसंबर: सुबह 10:30 बजे कोलकाता (साल्ट लेक स्टेडियम), शाम 7 बजे हैदराबाद
  • 14 दिसंबर: शाम 5:30 बजे मुंबई (वानखेड़े स्टेडियम)
  • 15 दिसंबर: दोपहर 1 बजे नई दिल्ली (अरुण जेटली स्टेडियम)
author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular