Homeभारतकेरलम: मनीलॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व सीएम पिनराई विजयन के घर ED की...

केरलम: मनीलॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व सीएम पिनराई विजयन के घर ED की छापेमारी

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के घर ईडी ने छापेमारी की है। किसी माकपा नेता के खिलाफ हाल के वर्षों में यह बड़ी कार्रवाई है।

तिरुवनंतपुरम: केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार (27 मई) को सुबह विजयन और उनके दामाद पी ए मोहम्मद रियास समेत अन्य के घरों पर छापा मारा। ईडी की यह कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है।

ईडी ने छापेमारी के दौरान तिरुवनंतपुरम में विजयन के किराए के घर और कोझिकोड में रियास के आवास पर तलाशी ली।

पिनराई विजयन समेत सीएमआरएल के अधिकारियों के घर भी छापेमारी

खबरों के मुताबिक, विजयन और रियास के साथ ही साथ सीएमआरएल के वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर भी छापेमारी जारी है। ईडी की यह कार्रवाई तब हुई जब हाई कोर्ट ने ईडी की कार्यवाही रद्द करने और केंद्रीय एजेंसी द्वारा जारी समन को निरस्त करने से इनकार कर दिया। ईडी का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री विजयन की बेटी वीना टी के स्वामित्व वाली आईटी कंपनी एक्सालॉजिक ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से कई वर्षों में आईटी सेवाओं के लिए 1.72 करोड़ रुपये प्राप्त किए जबकि ये सेवाएं कभी दी नहीं गईं।

गौरतलब है कि केरल हाई कोर्ट की एकल पीठ ने पहले ईडी को इस मामले में कार्यवाही जारी रखने की अनुमति दी थी। सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) सशीधरन कार्था और अन्य ने अदालत में याचिका दायर कर जारी जांच को रोकने की मांग की थी। अदालत ने कंपनी की इस मांग को भी खारिज कर दिया जिसमें सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने के लिए एक सप्ताह का समय बढ़ाने की मांग की गई थी।

यह भी पढ़ें – Monsoon Update: मानसून नहीं पहुंचा केरल, 26 मई तक आना था; अब कितनी देरी होगी?

PMLA के तहत दर्ज किया गया था मामला

आरोप यह है कि इस भुगतान का इस्तेमाल वीना की कंपनी के कर्ज चुकाने के लिए किया गया जिससे इसकी देनदारी सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनी पर आ गई। ईडी ने इन आरोपों की जांच के लिए 2024 में पीएमएलए (Prevention of Money Laundering Act) का मामला दर्ज किया था।

हाल के वर्षों में किसी वरिष्ठ माकपा नेता के खिलाफ यह सबसे बड़ी जांचों में से एक मानी जा रही है। वाम मोर्चा हालांकि लगातार इस मामले को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताता रहा है लेकिन ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के घर पर छापेमारी से केरल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कई अहम लोगों को और समन भेजे जाने तथा पूछताछ किए जाने की संभावना है जिससे विजयन और उनके परिवार की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

यह भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट ने ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर कमेटी का किया गठन, जिले के कलेक्टर रखेंगे निगरानी; जानें क्या होगा बदलाव?

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular