बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धारमैया की जगह लेने के लिए कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने शनिवार को डीके शिवकुमार को अपना नेता चुन लिया। सिद्धारमैया द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव के बाद शिवकुमार को सर्वसम्मति से सीएलपी ने अपना नेता चुना।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला शनिवार को बेंगलुरु पहुंचे और विधान सभा के कॉन्फ्रेंस में आयोजित सीएलपी बैठक में शामिल हुए। यहीं नए नेता का चुनाव किया गया। डीके शिवकुमार 3 जून को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक शाम 4 बजे बुलाई गई थी, जिसमें नेतृत्व और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। इसी बैठक में शिवकुमार के नाम पर अंतिम मुहर लगी। बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक दल ने सिद्दारमैया के प्रति विशेष आभार भी व्यक्त किया। पार्टी ने कहा कि कर्नाटक की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के रूप में वर्ष 2013 से 2018 और 2023 से 2026 तक उनके कार्यकाल को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद रखेंगे, साथ ही विपक्ष के नेता के रूप में उनकी सेवाओं को भी सराहा जाएगा।
सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद शिवकुमार को कमान
ताजा घटनाक्रम राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार किए जाने और मंत्रिपरिषद को भंग किए जाने के बाद सामने आया है। हालांकि राज्यपाल ने नई व्यवस्था बनने तक सिद्धारमैया से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रखने का अनुरोध किया है।
महत्वपूर्ण बैठक से पहले राज्य कांग्रेस के नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोनों केंद्रीय नेताओं का स्वागत किया। बैठक से पहले डीके शिवकुमार ने एक होटल में केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला से मुलाकात भी की।
इससे पहले दिन में शिवकुमार ने लोक भवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से भी मुलाकात की। बताया गया कि उन्होंने इस मुलाकात में नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह की तारीखों तथा उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर राज्यपाल से अनौपचारिक चर्चा की।
इसके बाद शिवकुमार ने बेंगलुरु स्थित श्री कदसिद्धेश्वर मठ (जिसे आमतौर पर अज्जैया मठ कहा जाता है) का भी दौरा किया। शिवकुमार का इस मठ से लंबे समय से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। हालांकि मठ का मुख्य केंद्र तुमकुरु जिले के नोनाविनाकेरे में स्थित है।
गौरतलब है कि यह पहले से ही तय माना जा रहा था कि डीके शिवकुमार ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले पार्टी कार्यालय में आयोजित संयुक्त आपात प्रेस वार्ता में केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जी. सी. चंद्रशेखर ने कहा था कि तीन जून को डीके शिवकुमार सीएम पद की शपथ लेंगे और पार्टी ने समारोह को सादगीपूर्ण रखने व आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें- अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला, थप्पड़ मारा गया, अंडे फेंके गए…शर्ट भी फाड़ा

