Homeभारतशराब घोटालाः कर्नाटक विधानसभा में भाजपा-जेडीएस विधायकों ने रातभर दिया धरना, मंत्री...

शराब घोटालाः कर्नाटक विधानसभा में भाजपा-जेडीएस विधायकों ने रातभर दिया धरना, मंत्री थिम्मापुर के इस्तीफे पर अड़े

कथित शराब घोटाले के केस में भाजपा-जेडीएस के विधायक राज्य के आबकारी मंत्री आरबी थिम्मापुर का इस्तीफा मांग रहे हैं।

बेंगलुरुः कथित शराब घोटाले को लेकर कर्नाटक विधानसभा में सियासी टकराव तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के विधायकों ने आबकारी मंत्री आरबी थिम्मापुर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विधानसभा परिसर में ही रात गुजारी। बुधवार सुबह भी उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक समेत कई विधायक सुबह विधानसभा परिसर में मॉर्निंग वॉक करते नजर आए। इसके बाद सभी विधायक एक स्थान पर एकत्र हुए, चाय पी और आगे की रणनीति पर चर्चा की। कुछ देर बाद भाजपा और जेडीएस के विधायक विधानसभा के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर बैठ गए और आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक चन्नाबसप्पा ने एक भक्ति गीत गाया, जिसमें विजयेंद्र, आर. अशोक और विधानसभा में विपक्ष के उपनेता अरविंद बेल्लाड सहित अन्य विधायक भी शामिल हुए।

भाजपा-जेडीएस विधायकों का आरोप है कि कथित शराब घोटाले में राज्य के आबकारी मंत्री आरबी थिम्मापुर की भूमिका सामने आई है और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने दावा किया कि कर्नाटक के इतिहास में पहली बार खुद शराब एसोसिएशन ने आबकारी विभाग में करीब 6,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।

अशोक ने आरोप लगाया कि मंत्री हर महीने 250 से 300 करोड़ रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रत्येक डिप्टी कमिश्नर की पोस्टिंग के लिए कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये और कांस्टेबल स्तर की पोस्टिंग के लिए 10 लाख रुपये तक की रकम ली जा रही थी। अशोक ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया, जिसमें कथित तौर पर एक डिप्टी कमिश्नर यह कहता सुना गया है कि मंत्रियों को ‘कट’ देना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई गई है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, “इन तमाम आरोपों और शिकायत के बावजूद मंत्री सबूत मांग रहे हैं और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, जिनके पास वित्त मंत्रालय भी है, सहित पूरी सरकार उनका समर्थन कर रही है। इससे साफ होता है कि कांग्रेस हाईकमान तक बड़ी रकम पहुंच रही है। चुनावों के लिए करीब 6,000 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया गया है। जब तक आबकारी मंत्री थिम्मापुर इस्तीफा नहीं देते, हमारा धरना जारी रहेगा।”

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular