Friday, March 20, 2026
Homeमनोरंजन90% भारतीय कलाकार असुरक्षित, जेसन शाह ने क्यों कहा ऐसा?

90% भारतीय कलाकार असुरक्षित, जेसन शाह ने क्यों कहा ऐसा?

विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन में नजर आने वाले एक्टर और मॉडल जेसन शाह ने इंडस्ट्री को लेकर एक बेबाक बयान दिया है। जेसन का कहना है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे करीब 90 प्रतिशत अभिनेता असुरक्षित (इनसिक्योर) हैं और यह असुरक्षा सेट पर साफ नजर आती है।

संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज हीरामंडी में नजर आ चुके अभिनेता जेसन शाह ने न्यूज18 से बातचीत में कहा है कि इंडस्ट्री इस समय नवाचार के बजाय नकल के एक चक्र में फंसी हुई है और इसका सीधा असर फिल्मों की विविधता पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय सिनेमा के करीब 90 फीसदी अभिनेता असुरक्षा की भावना से ग्रस्त हैं।

जेसन शाह ने कहा कि भारत में कहानियों और विषयों को लेकर अभी बहुत कुछ तलाशा जाना बाकी है, लेकिन निर्माता और निर्देशक एक-दूसरे की नकल करने में लगे हैं। उन्होंने कहा, “आजकल फिल्मों में हिंसा का बोलबाला है। यह सिलसिला केजीएफ और आरआरआर से शुरू हुआ और फिर एनिमल और धुरंधर तक पहुंच गया। यह इस पीढ़ी की मानसिकता को भी दर्शाता है, जो काफी आक्रामक हो चुकी है। मैं भी इसी सिस्टम का हिस्सा हूं, क्योंकि इसी से मेरी रोज़ी-रोटी चलती है।”

हालांकि जेसन का मानना है कि इंडस्ट्री में अब भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो ट्रेंड से हटकर जोखिम उठाने को तैयार हैं। उन्होंने निर्देशक मोहित सूरी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे ऐसी फिल्में बनाते हैं जो चलन के बिल्कुल उलट होती हैं और फिर भी अपनी पहचान बनाती हैं।

हीरामंडी में अपने किरदार को लेकर पूछे गए सवाल पर जेसन ने कहा कि किसी भी किरदार की गहराई सिर्फ निर्देशक की जिम्मेदारी नहीं होती, बल्कि कलाकारों को भी उतनी ही ईमानदारी से अपने काम में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि टेलीविजन से लेकर वेब सीरीज और फिल्मों तक के अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि भारत में करीब 90 फीसदी अभिनेता असुरक्षित हैं। कई बार कलाकार सेट पर किरदार बनकर नहीं, बल्कि अपने नाम और छवि के साथ पहुंचते हैं। ‘मैं कौन हूं’ यह ज्यादा अहम हो जाता है, बजाय इसके कि ‘मैं इस किरदार के साथ न्याय कैसे करूं’। यही एक बड़ी कमजोरी है।

इन फिल्मों में नजर आ चुके हैं जेसन शाह

गौरतलब है कि ब्रिटिश अभिनेता और फिटनेस मॉडल जेसन शाह ने 2007 में डेविड धवन की फिल्म पार्टनर से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वे फितूर और ठग्स ऑफ हिंदोस्तान जैसी फिल्मों में नजर आए। साल 2019 में टीवी शो झांसी की रानी से उन्हें व्यापक पहचान मिली। बाद में वे बैरीस्टर बाबू, चंद्रशेखर और स्वराज जैसे धारावाहिकों का हिस्सा रहे। हाल के वर्षों में जेसन ने फिल्म सालार के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी की, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।

जेसन शाह विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन को लेकर चर्चा में हैं। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियमणि भी फिल्म का हिस्सा हैं। यह फिल्म 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments