Homeविश्व'ईरान पीछे नहीं हटेगा, ट्रंप का तख्तापलट होगा', सर्वोच्च नेता खामेनेई ने...

‘ईरान पीछे नहीं हटेगा, ट्रंप का तख्तापलट होगा’, सर्वोच्च नेता खामेनेई ने क्या कहा?

ईरान के सर्वोच्च नेता आयातोल्ला अली खामेनेई ने देश को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा।

तेहरानः ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच सर्वोच्च नेता आयातोल्लाह अली खामेनेई ने शुक्रवार, 9 जनवरी को देश को संबोधित किया और कहा कि प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई जारी रखेगी। इस दौरान श्रोताओं में से किसी ने ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।

खामेनेई का यह भाषण राज्य द्वारा संचालित टेलीविजन पर संबोधित किया गया। संबोधन के दौरान खामेनेई ने कहा कि ईरान में विरोध प्रदर्शन किसी अन्य देश के राष्ट्रपति को “खुश” करने के लिए किए जा रहे हैं, जो स्पष्ट रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर इशारा था।

खामेनेई ने अपने भाषण में क्या कहा?

आयातोल्लाह अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति को शुक्रवार को चेतावनी देते हुए कहा “जहां तक ​​उस (ट्रम्प) की बात है जो अहंकार और घमंड से भरा बैठा है और पूरी दुनिया पर फैसले सुना रहा है, उसे यह भी पता होना चाहिए कि आमतौर पर दुनिया के निरंकुश और अहंकारी शासक – जैसे फिरौन, निमरूद, रजा खान, मोहम्मद रजा और उनके जैसे अन्य – ठीक उसी समय पराजित हुए जब वे अपने अहंकार के चरम पर थे। यह भी पराजित हो जाएगा।”

खामेनेई ने कहा “सभी को जानना चाहिए कि इस्लामिक गणराज्य सैकड़ों हजारों सम्मानित लोगों के खून से सत्ता में आया है, और यह विध्वंसकों के सामने पीछे नहीं हटेगा।”

उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर ट्रंप को खुश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “वे उन्हें खुश करना चाहते हैं। यदि उन्हें देश चलाना आता तो अपना देश खुद चलाते।”

जून में हुए युद्ध का किया जिक्र

उन्होंने पिछले साल जून में हुए 12 दिवसीय युद्ध का भी जिक्र किया और कहा, “12 दिवसीय युद्ध में हमारे एक हजार से अधिक देशवासी शहीद हुए।” उन्होंने आगे कहा कि जब ट्रंप ने कहा, “मैंने आदेश दिया और मैंने हमले का नेतृत्व किया,” तो यह इस बात की स्वीकारोक्ति थी कि उनके “हाथ ईरानियों के खून से सने हैं”।

ईरानी शासन के समर्थकों से एकजुट रहने का आग्रह करते हुए खामेनेई ने कहा, “प्रिय युवाओं, अपनी तत्परता और एकता बनाए रखें। एक एकजुट राष्ट्र किसी भी शत्रु पर विजय प्राप्त कर सकता है।”

गौरतलब है कि ईरान में बीते कुछ दिनों से देश में बढ़ी महंगाई और डॉलर के मुकाबले गिरती ईरानी मुद्रा को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं।

ये प्रदर्शन हिंसक हो गए और इसके चलते उपजी हिंसा में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई। वहीं ईरान की सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले में दो हजार से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular