तेहरानः ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और पाकिस्तान के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी ने सोमवार (6 अप्रैल) को जानकारी दी। प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि तेहरान अस्थायी युद्धविराम के लिए तैयार नहीं है बल्कि उसने “युद्ध की स्थायी समाप्ति” की आवश्यकता पर बल दिया है। ईरान ने युद्धविराम के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं।
ईरान का जवाब दस बिंदुओं वाले ढांचे के रूप में तैयार किया गया है। यह तत्काल युद्धविराम से कहीं आगे जाता है। मूल रूप से ईरान न केवल अपनी सीमाओं के भीतर बल्कि लेबनान और गाजा में भी युद्ध की स्थायी समाप्ति चाहता है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने की भी मांग कर रहा है कि संघर्ष दोबारा शुरू न हो। वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण की मान्यता भी चाहता है जिसमें यातायात को नियंत्रित करने और मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलने का अधिकार शामिल है।
ईरान ने क्या मांगें रखीं?
खाड़ी देश ईरान की यह प्रतिक्रिया ट्रंप द्वारा देश के ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर बमबारी करने की निर्धारित समय सीमा से पहले आई है।
ईरान ने अपने प्रस्ताव में देश की अर्थव्यवस्था पर लंबे समय से पड़ रहे दबाव को दूर करने वाले सभी आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की भी मांग की गई है। इसके अलावा तेहरान परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) के तहत यूरेनियम संवर्धन के अपने अधिकार की औपचारिक मान्यता और युद्ध के कारण हुए आर्थिक नुकसान के मुआवजे की मांग कर रहा है।
काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मोजतबा फरदौसी पोर ने सोमवार को एसोसिएटेड प्रेस को बताया, “हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे। हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।”
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा था?
पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि संघर्ष जारी रहने के कारण अमेरिका के पास “कई विकल्प” हैं लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि वह अभी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन “अभी निकल सकता है” और ईरान को उबरने में वर्षों लगेंगे लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वह “इस संघर्ष को खत्म करना” चाहते हैं।
उन्होंने यह भी दोहराया कि ” ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते ” इस दावे को तेहरान ने बार-बार नकारते हुए कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम हथियार विकसित करने के उद्देश्य से नहीं है।
इस बीच व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने सीबीएस न्यूज को बताया कि पाकिस्तान समर्थित युद्धविराम प्रस्ताव विचाराधीन “कई विचारों में से एक” है लेकिन डोनाल्ड ट्रम्प ने इस पर अभी तक सहमति नहीं दी है। उन्होंने आगे कहा, “ऑपरेशन एपिक जारी है।”
गौरतलब है कि पाकिस्तान ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और बढ़ते तनाव के बीच संचार चैनलों को खुला रखने के लिए पर्दे के पीछे से काम कर रहा है। मिस्र और तुर्की, पाकिस्तान के साथ मिलकर ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच सीधे संदेशों के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बना रहे हैं।

