Saturday, May 2, 2026
Homeखेलकूदमहिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, राधा यादव...

महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, राधा यादव और यास्तिका भाटिया की वापसी

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से हो रही है। इसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को खेला जाना है।

मुंबई: महिला टी20 वर्ल्ड कप-2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान बीसीसीआई की ओर से कर दिया गया है। घोषित 15 सदस्यीय टीम में राधा यादव और यास्तिका भाटिया की वापसी हुई है। टी20 विश्व कप के साथ-साथ इंग्लैंड दौरे के लिए भी टीम की घोषणा हुई है। चयन समिति की शनिवार को हुई बैठक में कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुख्य कोच अमोल मुजुमदार, चयन समिति की अध्यक्ष अमिता शर्मा और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की उपस्थिति में टीम को फाइनल गया।

यास्तिका सितंबर 2025 में बाएं घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण पिछले साल के महिला वनडे विश्व कप और 2026 महिला प्रीमियर लीग (wpl) में नहीं खेल पाई थीं। बाद में उनकी सफल सर्जरी हुई, जो कि एसीएल रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी बताई जा रही है।

वहीं, राधा लगभग एक साल बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने जा रही हैं। उन्होंने आखिरी बार इंग्लैंड दौरे के दौरान इस फॉर्मेट में खेला था। इस साल की शुरुआत में उन्होंने भारतीय ए टीम को महिला इमर्जिंग एशिया कप का खिताब भी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

नंदिनी शर्मा को मिला मौका

तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को काश्वी गौतम और अमनजोत कौर के चोट के कारण टीम से बाहर होने के बाद पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। इस साल की शुरुआत में, इस दाएं हाथ की तेज गेंदबाज ने WPL में हैट्रिक लेने वाली दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की पहली गेंदबाज बनकर इतिहास रच दिया था।

24 वर्षीय नंदिनी ने नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में गुजरात जायंट्स के खिलाफ यह कारनामा किया था। इसमें उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट झटके थे। उन्होंने लीग में कुल मिलाकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 मैचों में 8.31 की इकॉनमी रेट से 17 विकेट लिए।

अनुष्का टीम में बरकरार

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद अनुष्का शर्मा को टीम में बरकरार रखा गया है। स्मृति मंधाना इस दौरे में कुछ मैच नहीं खेल सकी थी। ऐसे में अनुष्का ने सलामी बल्लेबाजी की भूमिका निभाते हुए अपने कुछ बेहतरीन स्ट्रोकप्ले से सबको प्रभावित किया था।

अमिता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि काश्वी दाहिने घुटने की चोट के कारण विश्व कप में नहीं खेल पाएंगी। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने बताया कि अमनजोत के चोट के कारण अगले चार से पांच महीनों तक मैदान से बाहर रहने की संभावना है। वे चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे से भी बाहर रही थीं।

टी20 वर्ल्ड कप और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 के लिए टीम-

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, क्रांति गौड़, राधा यादव, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा।

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के लिए टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, स्नेह राहा।

बताते चलें कि आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से हो रही है। इसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को खेला जाना है। वर्ल्ड कप का आयोजन इंग्लैंड में हो रहा है। वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड में तीन टी20 मैच भी खेलेगी। वहीं, वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद टीम को इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच भी खेलना है, जो लॉर्ड्स के मैदान पर 10 जुलाई से खेला जाएगा।

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular