शनिवार, मार्च 21, 2026
होममनोरंजनइंडियन आइडल सीजन 3 विनर और पाताल लोक फेम प्रशांत तमांग का...

इंडियन आइडल सीजन 3 विनर और पाताल लोक फेम प्रशांत तमांग का 43 की उम्र में निधन, ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि

इंडियन आइडल सीजन 3 विनर और पाताल लोक फेम प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रविवार सुबह उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।

कोलकाताः एक्टर-सिंगर प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। तमांग इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता बने थे। वह दार्जीलिंग के रहने वाले थे और एक समय कोलकाता पुलिस से जुड़े थे। उनके अचानक निधन से चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से भारत, नेपाल और दुनियाभर के गोरखा समुदाय के प्रशंसकों के बीच सदमे की लहर लगी।

प्रशांत तमांग ने साधारण पृष्ठभूमि से उठकर संगीत के माध्यम से राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त की और बाद में फिल्मों और वेब सीरीज में भी अपनी पहचान बनाई। उनके अचानक निधन से सोशल मीडिया पर शोक, अटकलें और श्रद्धांजलि का तांता लग गया है।

सीएम ममता बनर्जी ने जताया खेद

उनके निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा “इंडियन आइडल के मशहूर गायक और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार प्रशांत तमांग के आज अचानक और असमय निधन से मैं बेहद दुखी हूं।”

उन्होंने आगे लिखा “दार्जिलिंग की पहाड़ियों से उनका जुड़ाव और कोलकाता पुलिस के साथ उनका पूर्व संबंध उन्हें बंगाल में हम सभी के लिए विशेष रूप से प्रिय बनाता था। मैं उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

साल 2007 में उनके इंडियन आइडल का खिताब जीतने के बाद उनकी दुनिया बदल गई। उनकी प्रसिद्धि ने पहाड़ी क्षेत्र और पूर्वोत्तर के लोगों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गए।

डॉक्टरों ने क्या बताया?

उन्हें रविवार सुबह द्वारका के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु की खबर तेजी से फैली और व्यापक शोक की लहर दौड़ गई। प्रशंसकों, संगीतकारों और अभिनेताओं ने ऑनलाइन श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके अचानक निधन से मनोरंजन जगत सदमे में था।

संडे गार्जियन लाइव की खबर के मुताबिक, तमांग को सुबह लगभग 9:00 बजे एक निजी अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु अचानक हृदय गति रुकने से हुई। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि अभी तक मृत्यु का कोई आधिकारिक कारण घोषित नहीं किया गया है।

डॉक्टरों ने यह भी बताया कि घटना से पहले उन्हें कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। औपचारिक कार्यवाही पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

उनके अचानक निधन से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, परिवार की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उनके करीबी सहयोगियों ने प्रशंसकों और मीडिया संस्थानों से अपुष्ट दावों को फैलाने से बचने का आग्रह किया है।

तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग में हुआ था, वह मूल रूप से नेपाल में रहते थे। उन्हें प्रशंसक ‘पहाड़ का गौरव’ भी कहते थे। उनके परिवार में मां, दादी और एक बहन है। साल 2011 में उन्होंने गीता थापा से शादी रचाई थी। जानकारी के अनुसार, वह पत्नी के साथ दिल्ली में रह रहे थे।

शो में आने से पहले वह कोलकाता पुलिस में तैनात थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा थे। वहां वह कार्यक्रमों में गाया करते थे। उनके सीनियर अधिकारियों ने ही उन्हें इंडियन आइडल में हिस्सा लेने की सलाह दी थी।

इंडियन आइडल शो जीतने के बाद प्रशांत ने सोनी बीएमजी के साथ अपना पहला एल्बम रिलीज किया, जिसमें हिंदी और नेपाली गाने शामिल थे। बाद में उन्होंने नेपाली फिल्मों में बतौर प्लेबैक सिंगर और अभिनेता काम किया। उनकी आवाज और अभिनय ने खूब सराहना बटोरी।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments

डॉ उर्वशी पर शबनम शेख़ की कहानी