हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-पांगी मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस भूस्खलन से एक टैक्सी मलबे में दब गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बचा लिया गया है। घटनास्थल पर बचाव दलों द्वारा राहत अभियान जारी है।
इस घटना को लेकर डिप्टी कमिश्नर किरण बडाना ने पुष्टि करते हुए बताया है कि एक टाटा सूमो में 15 लोग सवार थे। अधिकारियों के अनुसार, एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद रहे उदयपुर-किलाड़ मार्ग को दोबारा खोले जाने के बाद यह गाड़ी पांगी घाटी की ओर जा रही था, तभी हादसा हुआ।
पहाड़ी से गिरे मलबे में दबी टैक्सी
यह हादसा कडू नाला के पास, लाहौल घाटी से करीब 60-70 किलोमीटर दूर हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे भारी चट्टानें और मलबा सीधे चलती हुई टैक्सी पर आ गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया और उसमें सवार यात्री अंदर फंस गए। एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि बचाव दल अन्य लोगों की तलाश में मलबा हटाने का काम जारी रखे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही टिंडी पुलिस थाना की टीम, जिला प्रशासन के अधिकारी और बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने और राहत कार्य में तेजी लाने के लिए भारी मशीनों को भी लगाया गया। इससे पहले लाहौल-स्पीति पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए बताया था कि टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
कुछ घंटे पहले ही खुला था मार्ग
अधिकारियों के अनुसार, पहले हुए भूस्खलन के कारण उदयपुर-किलाड़ मार्ग बंद होने से यात्री टिंडी में फंस गए थे। शुक्रवार को मार्ग दोबारा खुलने के बाद उन्होंने पांगी घाटी के लिए अपनी यात्रा फिर से शुरू की। हालांकि, गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही कडू नाला के पास टैक्सी भूस्खलन की चपेट में आ गई।
बहरहाल, भरमौर के विधायक जनक राज ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चंबा और लाहौल-स्पीति के उपायुक्तों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें अब भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतकों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, टैक्सी में सवार अधिकांश लोग पांगी घाटी के निवासी थे। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि तलाश अभियान पूरा होने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने अदालती सुनवाई की क्लिप शेयर करने पर लगाई रोक, बिना अनुमति लाइव-स्ट्रीम नहीं कर सकेंगे पोस्ट

