Home साइंस-टेक GrokiPedia vs Wikipedia: एलन मस्क ने एआई संचालित ग्रोकिपीडिया किया लांच, विकिपीडिया...

GrokiPedia vs Wikipedia: एलन मस्क ने एआई संचालित ग्रोकिपीडिया किया लांच, विकिपीडिया से कैसे अलग है यह?

एलन मस्क की कंपनी एक्सएआई के चैटबॉट ग्रोक ने ग्रोकिपीडिया लांच किया है। इसे विकिपीडिया के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

Elon Musk
ग्रोकिपीडिया, फोटोः एक्स

अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क ने एआई संचालित आनलाइन विश्वकोश (इंसाइक्लोपीडिया) ग्रोकिपीडिया लांच किया है। इसे मस्क की एआई कंपनी एलन मस्क द्वारा विकसित किया गया है। इसे मंगलवार, 28 अक्टूबर को लांच किया गया। इसे विकिपीडिया के प्रत्यक्ष विरोधी के रूप में देखा जा रहा है।

एलन मस्क इससे पहले विकिपीडिया की आलोचना करते रहे हैं और इस पर “पक्षपाती” और “वोक” कहते रहे हैं। हालांकि, विकिपीडिया क्लाउसोर्स के जरिए कंटेंट परोसता है और यहां पर दुनियाभर के लोग इस पर लिख सकते हैं। हालांकि, ग्रोकिपीडिया का सारा कंटेंट एआई द्वारा जनरेट किया गया है।

एआई संचालित है ग्रोकिपीडिया

ग्रोकिपीडिया को मुख्य तौर पर एआई संचालित आनलाइन विश्वकोश के रूप में तैयार किया गया है। इसके सभी आर्टिकल्स और एक्सएआई के चैटबॉट ग्रोक द्वारा बनाए और वेरिफाई किए जाते हैं।

इसकी तुलना में विकिपीडिया पर लाखों की संख्या में स्वयंसेवक आर्टिकल लिखते हैं। ग्रोकिपीडिया पर यूजर्स को यह सुविधा नहीं दी गई है। हालांकि वे सुधार या बदलाव के लिए अनुरोध कर सकते हैं।

यूजर्स द्वारा अनुरोध किए जाने पर इसकी एआई द्वारा समीक्षा की जाएगी। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर अभी 8.85 लाख आर्टिकल्स मौजूद हैं। इनमें से अधिकतर शुरुआत में विकिपीडिया से लिए गए या कॉपी किए गए हैं।

एलन मस्क इसे एक “ट्रुथफुल और बायस फ्री” विकल्प बता रहे हैं। वह विकिपीडिया को बायस्ड कहते रहे हैं। गौरतलब है कि विकिपीडिया साल 2001 में लांच हुआ था। यह दुनिया की सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली वेबसाइट है। इस प्लेटफॉर्म पर करीब 70 लाख से अधिक अंग्रेजी भाषा में आर्टिकल मौजूद हैं।

इसे विकिमीडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जाता है। यह मुख्यतः खुले सहयोग और लोगों की भागीदारी पर केंद्रित है, जहां लोग विभिन्न विषयों पर जानकारी देते हुए लिखते हैं।

वहीं, ग्रोकिपीडिया को विकिपीडिया के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इसमें एआई द्वारा आर्टिकल स्वयं से जनरेट किए जाते हैं और इसकी प्रामाणिकता की जांच के लिए ग्रोक द्वारा समीक्षा की जाती है।

एक्सएआई चैटबॉट ग्रोक द्वारा तैयार होते हैं आर्टिकल

ग्रोकिपीडिया के आर्टिकल एक्सएआई के चैटबॉट ग्रोक द्वारा जनरेट होते हैं। यह विकिपीडिया पर पहले से मौजूद आर्टिकल्स को ही आधार मानकर कंटेंट जनरेट करता है। इसके बाद ग्रोक इसमें दिए गए तथ्यों की जांच करता है और क्या कुछ छूटा है इसकी भी पड़ताल करता है और गलतियों की भी पहचान करता है।

इसके बाद यह आर्टिकल लिखता है और एआई द्वारा गलतियों को सही करता है। इसीलिए मस्क इसे ट्रुथफुल प्लेटफॉर्म होने का दावा करते हैं।

मस्क और उनके समर्थक यह दावा करते रहे हैं कि विकिपीडिया का झुकाव लिबरल विचारों (उदारवादी) तरफ है। जबकि ग्रोकिपीडिया अधिक संतुलित, फैक्ट आधारित होने का दावा करता है।

हालांकि ग्रोकिपीडिया की शुरुआती समीक्षाओं से पता चलता है कि यह स्वयं कंसरवेटिव (रुढ़िवादी) झुकाव रखता है। ऐसे में इसके ट्रुथफुल होने के दावे पर सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, आने वाले समय में यह किस तरह काम करता है, क्या यह वाकई विकिपीडिया के विकल्प के रूप में काम करेगा या फिर नए प्लेटफॉर्म के सामने कुछ चुनौतियां होंगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version