Friday, March 20, 2026
HomeभारतGoa Nightclub fire: थाईलैंड से मंगलवार डिपोर्ट होंगे लुथरा बंधु, दिल्ली एयरपोर्ट...

Goa Nightclub fire: थाईलैंड से मंगलवार डिपोर्ट होंगे लुथरा बंधु, दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लेगी गोवा पुलिस

गोवा पुलिस ने इस मामले में लुथरा बंधुओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपों में गैर-इरादतन हत्या, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालना और आग से जुड़े सुरक्षा मानकों में घोर लापरवाही शामिल बताई गई है।

Goa Nightclub fire: गोवा के अर्पोरा स्थित नाइटक्लब में लगी भीषण आग के मामले में वांछित लुथरा ब्रदर्स मंगलवार सुबह बैंकॉक से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, सौरभ और गौरव लुथरा की फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरेगी, जहां गोवा पुलिस की टीम उन्हें हिरासत में लेगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार एक वरिष्ठ गोवा पुलिस अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है।

एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को दिल्ली की एक अदालत में पेश करेगी। पुलिस का उद्देश्य ट्रांजिट रिमांड हासिल करना है, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें दिल्ली से गोवा ले जाया जा सके। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद लुथरा बंधुओं को गोवा लाया जाएगा, जहां इस मामले से जुड़ी आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई होगी।

लुथरा बंधु उत्तरी गोवा के अर्पोरा गांव में स्थित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ के सह-मालिक हैं। 6 दिसंबर 2025 की रात क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भीषण आग लग गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि कार्यक्रम के दौरान इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रिक फायरक्रैकर्स लकड़ी की छत से टकरा गए, जिससे आग भड़क उठी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें पर्यटक और क्लब का स्टाफ भी शामिल था।

गोवा पुलिस ने इस मामले में लुथरा बंधुओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपों में गैर-इरादतन हत्या, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालना और आग से जुड़े सुरक्षा मानकों में घोर लापरवाही शामिल बताई गई है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि नाइटक्लब पिछले करीब 18 महीनों से बिना अनिवार्य सुरक्षा मंजूरियों के और एक्सपायर्ड लाइसेंस पर कथित तौर पर चल रहा था। आग लगने के कुछ ही घंटों बाद लुथरा बंधु भारत छोड़कर थाईलैंड के फुकेत भाग गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए भाइयों ने दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी जिसे कोर्ट ने रिजेक्ट कर दिया।

Goa Nightclub Fire: थाईलैंड ‘भागकर’ नहीं, बल्कि बिजनेस के लिए गए थे, नाइटक्लब के मालिकों ने अदालत को बताया

भारत सरकार ने इसके बाद उनके पासपोर्ट निलंबित कर दिए और इंटरपोल के जरिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। थाई अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लिया और अब अंतिम प्रक्रिया के तहत उन्हें भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस द्वारा की जाने वाली हिरासत इसी प्रक्रिया का हिस्सा है, ताकि आरोपी भारत में रहकर मामले का सामना कर सकें।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments