Friday, March 20, 2026
Homeमनोरंजनकौन हैं Gilli Nata जिन्होंने जीता Bigg Boss Kannada 12 का खिताब;...

कौन हैं Gilli Nata जिन्होंने जीता Bigg Boss Kannada 12 का खिताब; प्राइज मनी के साथ मिला ये खास तोहफा

कन्नड़ के साथ ही ‘बिग बॉस तमिल 9’ का भी समापन हो गया। इस बार तमिल दर्शकों की पसंदीदा प्रतियोगी दिव्या गणेश विजेता बनकर उभरीं।

Bigg Boss Kannada Season 12 Winner: कलर्स कन्नड़ के सबसे चर्चित शो ‘बिग बॉस कन्नड़ 12’ का खिताब मशहूर एंटरटेनर गिल्ली नटा (Gilli Nata) ने अपने नाम कर लिया है। करीब चार महीने पहले 25 सितंबर को 24 प्रतियोगियों के साथ शुरू हुए इस सफर का अंत रविवार को एक भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ। मुकाबले के अंतिम पड़ाव में 6 कड़े फाइनलिस्ट पहुंचे थे, लेकिन अपनी जबरदस्त कॉमेडी टाइमिंग और सादगी के दम पर गिल्ली नटा ने करोड़ों दर्शकों का दिल जीतकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा किया।

दूसरी ओर, रक्षिता शेट्टी शो की फर्स्ट रनर-अप रहीं। फिनाले में बाकी प्रतिभागियों की बात करें तो धनुष गौड़ा छठे स्थान पर रहीं, म्यूटेंट रघु पांचवें स्थान पर बाहर हुए, जबकि काव्या चौथे स्थान पर एलिमिनेट हो गईं। आखिर तक मुकाबला सिर्फ गिल्ली नाटा और रक्षिता शेट्टी के बीच रहा, जहां गिल्ली ने बाजी मार ली।

बता दें कि कन्नड़ के साथ ही ‘बिग बॉस तमिल 9’ का भी समापन हो गया। इस बार तमिल दर्शकों की पसंदीदा प्रतियोगी दिव्या गणेश विजेता बनकर उभरीं। दिव्या ने पूरे सीजन में अपने मजबूत व्यक्तित्व और खेल कौशल से सबको प्रभावित किया और अंततः सीजन 9 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

इस जीत के साथ गिल्ली नटा पर इनामों की भारी बौछार हुई है। उन्हें विजेता के तौर पर 50 लाख रुपये की नकद राशि और एक शानदार Maruti Suzuki Invicto SUV कार पुरस्कार में मिली है। इसके अलावा, शो के होस्ट और सुपरस्टार किच्चा सुदीप ने भी उन्हें खास तोहफा दिया। किच्चा ने नाटा की खेल भावना से खुश होकर अपनी ओर से व्यक्तिगत रूप से 10 लाख रुपये नकद उपहार भेंट किया।

कौन हैं गिल्ली नाटा?

5 अप्रैल 1996 को कर्नाटक के मांड्या जिले के एक छोटे से गांव मातदापुरा में जन्मे गिल्ली नटा का असली नाम मालवल्ली नटराज है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले नटा ने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव में ही पूरी की और बाद में आईटीआई का कोर्स किया। उनके करियर की शुरुआत बेंगलुरु में पर्दे के पीछे रहकर हुई, जहाँ उन्होंने कई फिल्म प्रोजेक्ट्स के आर्ट डिपार्टमेंट और सेट ऑपरेशंस में एक सहायक के रूप में काम किया। अभिनय के प्रति गहरा जुनून होने के कारण उन्होंने साथ-साथ स्क्रिप्ट राइटिंग, शॉर्ट फिल्म्स और कॉमेडी स्किट पर काम करना जारी रखा, जिससे धीरे-धीरे फिल्म जगत में उनकी पहचान बनने लगी।

बिग बॉस के घर में कदम रखने से पहले ही गिल्ली नटा कन्नड़ टेलीविजन का एक चर्चित चेहरा बन चुके थे। उनके अभिनय सफर को असल पहचान रियलिटी शोज से मिली, जहाँ ‘कॉमेडी खिलाड़ी सीजन 4’ में फर्स्ट रनर-अप रहकर उन्होंने अपनी शानदार कॉमेडी टाइमिंग से सबको प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने ‘डांस कर्नाटक डांस’ में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए ‘बेस्ट एंटरटेनर’ का पुरस्कार जीता। टेलीविजन की इस सफलता ने उनके लिए बड़े पर्दे के रास्ते भी खोले, जिसके बाद उन्होंने दर्शन की फिल्म ‘डेविल’ के अलावा ‘लंगोटी मैन’ (2024), ‘सुपर हिट’ और ‘फर्स्ट डे फर्स्ट शो’ (2025) जैसी फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया।

गिल्ली नटा की सादगी और मजाकिया स्वभाव ने उन्हें आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है। बिग बॉस के घर में उनके खुले व्यवहार और कठिन परिस्थितियों में भी शांत रहने की खूबी ने उन्हें दर्शकों का पसंदीदा प्रतियोगी बनाया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शो की शुरुआत में उनके पास 2 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर्स थे, जो जीत के बाद बढ़कर 17 लाख (1.7 मिलियन) से भी अधिक हो गए हैं। उनके प्रशंसकों का जुड़ाव इतना गहरा रहा कि एक समय पर उन्होंने किच्चा सुदीप को भी ऑनलाइन ट्रोल करना शुरू कर दिया था, क्योंकि उन्हें लगा कि नाटा को उनके शानदार परफॉर्मेंस के लिए ‘किच्चना चप्पले’ (होस्ट द्वारा विशेष सराहना) नहीं दी गई।

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments