फिरोजाबादः उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बुधवार को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर एक मालगाड़ी की बोगी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही इस मालगाड़ी की एक बोगी में नई चार पहिया गाड़ियां लदी थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बोगी उसकी चपेट में आ गई और उसमें लदे सभी छह वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर पुल के पास बुधवार शाम करीब चार बजे हुई। मालगाड़ी टूंडला से कानपुर की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक एक बोगी से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन के करीब दमकल गाड़ियों को राहत कार्य में लगाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर डीएफसी के एक ट्रैक पर रेल संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि दूसरे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही।
कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान आग लगी बोगी को मालगाड़ी से अलग कर दिया गया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। इसके बाद बाकी मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घना धुआं और तेज लपटें राहत कार्य में बाधा बन रही थीं, लेकिन संयुक्त प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडे ने बताया कि जिस बोगी में आग लगी, उसमें नई चार पहिया गाड़ियां लदी हुई थीं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। रेलवे और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी।
हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बोगी में लदे सभी वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
ये भी पढ़ेंः सपा में टूट के ओपी राजभर के दावे पर अखिलेश यादव का जवाब- दाना और गाना कब तक चलेगा ये अफसाना

