सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को लगातार दो बम धमाकों में कम से कम 18 लोग घायल हो गए। घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सीरिया के गृह मंत्रालय के हवाले से सरकारी समाचार एजेंसी SANA ने यह जानकारी दी है। ये धमाके उस इलाके के पास हुए, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ठहरे हुए थे। मैक्रों इस समय आधिकारिक दौरे पर सीरिया में हैं। यह 2024 में बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद किसी पश्चिमी यूरोपीय देश के राष्ट्राध्यक्ष की पहली सीरिया यात्रा है।
सीरियाई गृह मंत्रालय ने SANA को बताया कि धमाके ‘फ्रांसीसी राष्ट्रपति के आवास के लिए तय सुरक्षा क्षेत्र के बाहर हुए, और इनसे आवास या आधिकारिक दौरे के कार्यक्रम को कोई सीधा खतरा नहीं है। दौरे के कार्यक्रम तय समय के अनुसार ही चल रहे है।’
होटल के पास हुए दो धमाके, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति मैक्रों के ठहरने वाले होटल के पास कम से कम दो विस्फोट हुए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने होटल के आसपास धमाकों की आवाज सुनी और घटनास्थल से धुआं उठता देखा।
धमाकों के बाद मौके पर तुरंत आपातकालीन सेवाओं के वाहन पहुंच गए। सड़क पर यातायात रोक दिया गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, मैक्रों ने धमाकों की आवाज नहीं सुनी। उन्होंने धमाकों से इतर सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मंगलवार को ही मुलाकात भी की।
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में होटल के पास खड़ी एक कार आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में आसपास अफरा-तफरी का माहौल भी नजर आता है। कुछ देर बाद एक वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश करता दिखाई देता है।
इससे पहले पिछले हफ्ते दमिश्क में ही एक कैफे में भीषण धमाके में 9 लोगों की जान चली गई थी। यह धमाका लगभग एक किलोग्राम वजन वाले एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से किया गया था। धमाके की जिम्मेदारी किसी समूह ने नहीं ली, फिर भी सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार इस्लामिक स्टेट सुरक्षा की कमी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है। क्योंकि असद को सत्ता से हटाए जाने के बाद नई सरकार पूरे सीरिया पर अपना नियंत्रण मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इस दौरान इस्लामिक स्टेट अपने स्लीपर सेल को फिर से सक्रिय कर रहा है, नए लड़ाकों को भर्ती कर रहा है और हथियारों को दूसरी जगहों पर पहुंचा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, मैक्रों का यह दौरा राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के नेतृत्व में बदलती सीरियाई भूमिका को भी दर्शाता है। अल-शरा, जिन्हें पूर्व अल-कायदा कमांडर बताया जाता रहा है, पश्चिमी और खाड़ी देशों के साथ मजबूत संबंध बनाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही वह 13 वर्षों के गृहयुद्ध से तबाह हुए देश के पुनर्निर्माण की दिशा में भी प्रयासरत हैं। दमिश्क की यात्रा के बाद राष्ट्रपति मैक्रों तुर्किये की राजधानी अंकारा जाएंगे, जहां वह नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें- ‘रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वालों को आस्था पर बोलने का अधिकार नहीं’, कांग्रेस-सपा पर बरसे सीएम योगी

