Tuesday, September 9, 2025
Homeसाइंस-टेकभारत विरोधी पोस्ट के फैक्ट चेक पर भड़के ट्रंप के सहयोगी को...

भारत विरोधी पोस्ट के फैक्ट चेक पर भड़के ट्रंप के सहयोगी को एलन मस्क का जवाब, कहा- सब को सही करते हैं

डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी पीटर नवारो ने भारत की आलोचना करते हुए एक पोस्ट एक्स पर किया था। इसे लेकर एक्स की ओर से फैक्ट चेक किया गया था, जिस पर नवारो भड़क गए थे। उन्होंने एलन मस्क की भी आलोचना की थी। अब मस्क का जवाब आया है।

डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी पीटर नवारो के भारत विरोधी पोस्ट पर एक्स की फैक्ट चेकिंग पर अब एलन मस्क का भी जवाब आया है। यह प्रतिक्रिया नवारो द्वारा मस्क की आलोचना के बाद आई है। मस्क ने हालांकि अपने जवाब में किसी का नाम नहीं लिया और कहा कि एक्स के कम्युनिटी नोट्स ‘बिना किसी अपवाद के सभी की गलती को सही करते हैं।’ मस्क ने हालांकि नवारो को सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया, न ही उन्होंने पोस्ट में उनका नाम लिया।

मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘इस प्लेटफॉर्म पर लोग ही नैरेटिव तय करते हैं। आप किसी भी तर्क के सभी पक्षों को सुनते हैं। कम्युनिटी नोट्स सभी को सही करता है, बिना किसी अपवाद के। नोट्स, डेटा और कोड सार्वजनिक स्रोत हैं। ग्रोक इसके बाद तथ्यों की जांच करता है।’

दरअसल, रूस के साथ व्यापार और विदेश नीतियों को लेकर भारत पर लगातार हमले करने वाले नवारो ने एक बार फिर भारत विरोधी पोस्ट किया था। उन्होंने नई दिल्ली पर रूसी तेल आयात से ‘मुनाफाखोरी’ करने का आरोप लगाया था। हालाँकि, इस बार नवारो की एक्स पर फैक्ट चेकिंग हो गई और उनके दावों को गलत बताया गया।

नवारो ने लिखा था, ‘तथ्य: भारत के सबसे ज्यादा टैरिफ से अमेरिकी नौकरियाँ खत्म हो रही हैं। भारत रूसी तेल सिर्फ मुनाफे के लिए खरीदता है। ये राजस्व रूसी युद्ध मशीनों को पोषित करता है। यूक्रेनियन/रूसी मरते हैं। अमेरिकी करदाताओं को ज्यादा खर्च करना पड़ता है। भारत सच को बर्दाश्त नहीं कर सकता।’

नवारो के दावे पर एक्स का फैक्ट चेक

नवारो के पोस्ट के बाद एक्स के तथ्य-जांच नोट में उनकी बात को सही करते हुए कहा गया कि भारत द्वारा रूस से तेल की खरीद ऊर्जा सुरक्षा के लिए की जाती है और वे प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं करते। इसमें कहा गया, ‘हालाँकि भारत पर कुछ टैरिफ हैं, लेकिन अमेरिका का सर्विसेस में भारत के साथ ट्रेड सरप्लस है। अमेरिका भी रूस से कुछ वस्तुओं का आयात जारी रखे हुए है, जो पाखंड है।’

एक अन्य नोट में आगे कहा गया, ‘नवारो के दावे दोहरे हैं। ऊर्जा सुरक्षा के लिए भारत द्वारा रूसी तेल की वैध, संप्रभु खरीद अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं करती।’

एक्स ने यह भी बताया कि एक ओर जहां अमेरिका भारत पर तेल व्यापार को लेकर दबाव डाल रहा है, वहीं दूसरी ओर वो खुद अरबों डॉलर मूल्य के रूसी सामान, जैसे यूरेनियम का आयात जारी रखे हुए हैं। यह ‘स्पष्ट रूप से दोहरे मापदंड को उजागर कर रहा है।’

एक्स के फैक्ट चेक पर भड़के थे नवारो

एक्स के फैक्ट चेक और फिर इसके सुर्खियों में आने के बाद नवारो भड़क गए थे। उन्होंने इस नोट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘बकवास’ बताया था। उन्होंने मस्क पर ‘लोगों की पोस्ट में दुष्प्रचार’ करने का भी आरोप लगाया और आलोचना की थी।

नवारो ने लिखा, ‘वाह! एलन मस्क लोगों की पोस्ट में दुष्प्रचार कर रहे हैं। नीचे दिया गया वो बकवास नोट भी बिल्कुल वैसा ही है। बकवास। भारत सिर्फ मुनाफा कमाने के लिए रूसी तेल खरीदता है। रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण करने से पहले उसने कोई तेल नहीं खरीदा था। भारत सरकार की स्पिन मशीन तेजी से आगे बढ़ रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियाँ छीनना बंद करो।’

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा