Homeविश्वडोनाल्ड ट्रम्प ने BBC पर 10 अरब डॉलर का दायर किया मानहानि...

डोनाल्ड ट्रम्प ने BBC पर 10 अरब डॉलर का दायर किया मानहानि मुकदमा; ‘जानबूझकर भाषण को विकृत करने’ का आरोप

33 पन्नों की याचिका में कहा गया है कि बीबीसी ने ट्रंप की छवि को “झूठा, अपमानजनक, भड़काऊ और दुर्भावनापूर्ण” तरीके से पेश किया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 जनवरी 2021 के अपने भाषण को लेकर बीबीसी (BBC) के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। ट्रंप ने ब्रिटेन के सार्वजनिक प्रसारक पर आरोप लगाया है कि उसने पैनोरमा डॉक्यूमेंट्री में उनके भाषण को भ्रामक तरीके से संपादित किया, जिससे उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। फ्लोरिडा की अदालत में दाखिल मुकदमे में ट्रंप ने मानहानि और भ्रामक व अनुचित व्यापारिक प्रथाओं के आरोपों के तहत कुल 10 अरब डॉलर के हर्जाने की मांग की है।

33 पन्नों की याचिका में कहा गया है कि बीबीसी ने ट्रंप की छवि को “झूठा, अपमानजनक, भड़काऊ और दुर्भावनापूर्ण” तरीके से पेश किया। ट्रंप की कानूनी टीम का दावा है कि यह संपादन जानबूझकर और दुर्भावना से किया गया, ताकि 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले जनमत को प्रभावित किया जा सके।

क्या था विवादित संपादन?

मामला 6 जनवरी 2021 के उस भाषण से जुड़ा है, जो कैपिटल हिल में दंगे से पहले दिया गया था। अपने भाषण में ट्रंप ने एक जगह कहा था, “हम कैपिटल की ओर चलेंगे और अपने बहादुर सीनेटरों और सांसदों का हौसला बढ़ाएंगे।”

करीब 50 मिनट बाद उन्होंने कहा, “और हम लड़ते हैं, पूरी ताकत से लड़ते हैं।” लेकिन पैनोरमा कार्यक्रम में इन दोनों हिस्सों को जोड़कर ऐसे दिखाया गया, मानो ट्रंप ने समर्थकों से कहा हो, “हम कैपिटल की ओर चलेंगे… और मैं भी आपके साथ रहूंगा। और हम पूरी ताकत से लड़ेंगे।”

BBC ने माँगी थी माफी, किया था मुआवजे से इनकार

बीबीसी ने बाद में स्वीकार किया कि इस संपादन से यह गलत छाप पड़ी कि ट्रंप ने सीधे तौर पर हिंसक कार्रवाई का आह्वान किया था। नवंबर में बीबीसी ने ट्रंप से इस संपादन को लेकर माफी भी मांगी, लेकिन मुआवजे की मांग खारिज करते हुए कहा कि मानहानि का कोई ठोस आधार नहीं है।

बीबीसी के चेयरमैन समीर शाह ने इसे निर्णय में चूक बताया था। इस विवाद के बाद बीबीसी के शीर्ष कार्यकारी अधिकारी और समाचार प्रमुख के इस्तीफे भी हुए। हालांकि, मुकदमा दायर होने पर बीबीसी की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

यह डॉक्यूमेंट्री ‘Trump: A Second Chance?’ शीर्षक से 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिन पहले ब्रिटेन में प्रसारित की गई थी। इसमें ट्रंप के भाषण के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ते समय वह हिस्सा भी हटा दिया गया था, जिसमें ट्रंप ने समर्थकों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात कही थी।

ट्रंप ने पिछले महीने ही संकेत दिया था कि वह बीबीसी पर मुकदमा करेंगे। तब उन्होंने कहा था, “मुझे लगता है कि मुझे यह करना होगा। उन्होंने धोखा किया। उन्होंने मेरे शब्द बदल दिए।”

क्या है मामला, डिटेल में जानने के लिए यहां क्लिक करें

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular