भारत में प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं अब गंभीर और लगातार सामने आने वाली समस्या बन चुकी हैं। जब किसी परीक्षा को रद्द किया जाता है, तो उसका सबसे बड़ा असर उन लाखों छात्रों पर पड़ता है, जो वर्षों की मेहनत, तैयारी और उम्मीदों के साथ उसमें शामिल होते हैं।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 रद्द होने के बाद एक बार फिर करोड़ों छात्रों और अभिभावकों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी परीक्षा प्रणाली बार-बार अविश्वसनीय क्यों साबित हो रही है। 24 लाख से अधिक छात्रों द्वारा दी गई परीक्षा के रद्द होने से न केवल छात्रों का मनोबल टूटा है, बल्कि देश की परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
हालांकि पेपर लीक की समस्या केवल भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के कई देशों में भी परीक्षा में नकल, तकनीकी धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने जिस तरह अपनी परीक्षा प्रणालियों को लगभग “फूलप्रूफ” बनाया है, वह भारत के लिए एक बड़ा सबक हो सकता है।
भारत में क्यों बार-बार सामने आते हैं पेपर लीक?
भारत में पिछले एक दशक में NEET, UGC-NET, SSC-CGL, REET, यूपी पुलिस भर्ती और व्यापम जैसे कई बड़े परीक्षा घोटाले सामने आ चुके हैं। व्यापम घोटाला तो इतना बड़ा था कि उसमें फर्जी परीक्षार्थियों, लीक प्रश्नपत्रों और रिश्वतखोरी के जरिए हजारों नियुक्तियों और दाखिलों में गड़बड़ी का आरोप लगा। सुप्रीम कोर्ट तक को हस्तक्षेप करना पड़ा और बाद में सैकड़ों मेडिकल डिग्रियां रद्द करनी पड़ीं।
नीट 2026 विवाद ने यह भी दिखाया कि तमाम दावों के बावजूद भारत अभी तक परीक्षा सुरक्षा के मामले में मजबूत तंत्र विकसित नहीं कर पाया है। परीक्षा आयोजित होने के सिर्फ आठ दिन बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए और आखिरकार परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इससे पहले 2024 में भी नीट को लेकर विवाद हुआ था, जब “ग्रेस मार्क्स” और कथित पेपर लीक को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में परीक्षा प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा निजी एजेंसियों और आउटसोर्सिंग पर निर्भर है। प्रश्नपत्र प्रिंटिंग, डिजिटल सर्वर सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों की निगरानी में कई स्तरों पर कमजोरियां रह जाती हैं, जिनका फायदा संगठित गिरोह उठाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, निजी एजेंसियों पर निर्भरता भी जोखिम बढ़ाती है। NEET, JEE, CUET और UGC-NET जैसी कई राष्ट्रीय परीक्षाओं का केंद्रीकरण एक ही एजेंसी के हाथ में होने से परीक्षा प्रबंधन का दबाव भी काफी बढ़ गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इतनी बड़ी संख्या में परीक्षाओं के संचालन के लिए संस्थागत क्षमता और निगरानी तंत्र को उसी अनुपात में मजबूत नहीं किया गया।
चीन में परीक्षाओं को लेकर मजबूत तंत्र
भारत के उलट हम अगर पड़ोसी देश चीन की बात करें तो यहां परीक्षा को लेकर एक मजबूत तंत्र बना हुआ है। चीन की ‘गाओकाओ’ परीक्षा दुनिया की सबसे कठिन और सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में मानी जाती है। 2025 में करीब 1.3 करोड़ छात्रों ने इसमें हिस्सा लिया। गाओकाओ केवल परीक्षा नहीं, बल्कि चीन में सामाजिक और आर्थिक भविष्य तय करने वाला माध्यम माना जाता है। यही कारण है कि वहां इसकी सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा जैसा महत्व दिया जाता है।
चीन में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिक्षकों को महीनों तक बाहरी दुनिया से अलग रखा जाता है। पेपर प्रिंटिंग हाई-सिक्योरिटी केंद्रों या जेलों में 24 घंटे निगरानी के बीच होती है। प्रश्नपत्रों को जीपीएस ट्रैकिंग, सशस्त्र पुलिस एस्कॉर्ट और मल्टी-लेयर सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाता है।
परीक्षा केंद्रों पर फेस रिकग्निशन, फिंगरप्रिंट स्कैन, एआई निगरानी, ड्रोन, सिग्नल जैमर और मेटल डिटेक्टर तक लगाए जाते हैं। परीक्षा के दौरान आसपास के इलाकों में हॉर्न बजाने, निर्माण कार्य और शोर करने तक पर रोक लगा दी जाती है।
हालांकि विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि केवल तकनीक से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होती। कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में हैकिंग, रिमोट एक्सेस और सर्वर से छेड़छाड़ जैसे नए खतरे भी सामने आते हैं। इसलिए तकनीक के साथ मजबूत प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही भी जरूरी है।
नकल पर जेल, पेपर लीक पर सख्त सजा
चीन में परीक्षा में धोखाधड़ी को केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि आपराधिक अपराध माना जाता है। वहां नकल या पेपर लीक में शामिल लोगों को सात साल तक की जेल हो सकती है। भारत में भी ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट 2024’ लागू है जिसमें दोषी पाए जाने पर 3 से 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माने का प्रावधान है। हालांकि पेपर लीक गिरोह इससे कितने भयभीत होते होंगे, यह नीट वाले मामले से समझा, देखा जा सकता है। वहीं चीन में सात साल की सजा के बावजूद 1949 के बाद से गाओकाओ में बहुत कम बड़े पेपर लीक मामले सामने आए हैं।
हालांकि चीन भी पूरी तरह अछूता नहीं है। 2022 में सोशल मीडिया पर कुछ प्रश्नपत्र वायरल होने के आरोप लगे थे, लेकिन जांच में उन्हें फर्जी या छेड़छाड़ किए गए पोस्ट बताया गया। इसके बावजूद विशेषज्ञ मानते हैं कि चीन की सख्ती ने बड़े स्तर के पेपर लीक को लगभग असंभव बना दिया है।
दक्षिण कोरिया में परीक्षा के दिन थम जाती है रफ्तार
दक्षिण कोरिया की ‘सुनेंग’ परीक्षा भी अपने सख्त इंतजामों के लिए जानी जाती है। यह परीक्षा वहां सामाजिक प्रतिष्ठा और करियर तय करने वाली परीक्षा मानी जाती है। परीक्षा के दिन पूरा देश लगभग “एग्जाम मोड” में चला जाता है। शेयर बाजार देर से खुलते हैं, सरकारी दफ्तरों का समय बदला जाता है और निर्माण कार्य रोक दिए जाते हैं ताकि छात्रों को शोर से परेशानी न हो।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अंग्रेजी लिसनिंग टेस्ट के दौरान विमान उड़ान तक रोक दी जाती हैं ताकि आवाज का व्यवधान न हो। परीक्षा तैयार करने वाले विशेषज्ञों को एक महीने तक गुप्त स्थानों पर अलग रखा जाता है और प्रश्नपत्रों को सैन्य स्तर की सुरक्षा में ले जाया जाता है।
दक्षिण कोरिया में परीक्षा को सामाजिक समानता का माध्यम माना जाता है। यही वजह है कि पूरी व्यवस्था परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर बेहद संवेदनशील रहती है।
भारत में भी प्रतियोगी परीक्षाएं लाखों मध्यमवर्गीय और ग्रामीण युवाओं के लिए सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम हैं। ऐसे में जब पेपर लीक या नकल की घटनाएं सामने आती हैं, तो केवल परीक्षा नहीं टूटती, बल्कि मेहनत और समान अवसर में भरोसा भी कमजोर पड़ता है।
भारत क्या सीख सकता है?
पेपर लीक और नकल पर लगाम लगाने के लिए भारत ने भी पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट लागू किया है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि केवल कानून बनाने से समस्या हल नहीं होगी। असली चुनौती परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण को सुरक्षित बनाना है, खासकर पेपर प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्ट और डिजिटल निगरानी को।
गणितज्ञ और सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार ने भी हाल में कहा कि भारत को चीन जैसी सख्ती अपनानी चाहिए। उनका मानना है कि कोचिंग माफिया और संगठित पेपर लीक गिरोहों पर कठोर कार्रवाई जरूरी है।
चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने परीक्षा की निष्पक्षता को राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और सामाजिक विश्वास का हिस्सा बना दिया है। वहां परीक्षा सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि व्यवस्था की विश्वसनीयता का सवाल मानी जाती है।”
असल में परीक्षा केवल चयन प्रक्रिया नहीं होती, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों और सामाजिक विश्वास से जुड़ी होती है। जब पेपर लीक होते हैं, तो केवल एक परीक्षा रद्द नहीं होती, बल्कि छात्रों का भरोसा भी टूटता है। चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने परीक्षा को राष्ट्रीय ईमानदारी का मुद्दा बना दिया है। भारत के लिए भी अब यह समझना जरूरी है कि तकनीक, सख्त कानून और प्रशासनिक इच्छाशक्ति के बिना निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था संभव नहीं है।

