Dhurandhar 2 Review By Ram Gopal Verma: बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar: The Revenge) रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। राम गोपाल वर्मा ने फिल्म का पहला रिव्यू साझा करते हुए इसे ‘नई सिनेमाई व्यवस्था की शुरुआत’ बताया है। वहीं एडवांस बुकिंग और प्री-सेल्स के आंकड़े भी संकेत दे रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।
धुरंधर 2 को लेकर राम गोपाल वर्मा ने क्या कहा?
फिल्म देखने के बाद राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर धुरंधर का रिव्यू लिखा है। राम गोपाल वर्मा ने एक्स पर लिखा कि धुरंधर 2 देखने के बाद उनका मानना है कि यह फिल्म ‘शोले’ से 100 गुना अधिक भव्य है। उनके अनुसार इसके मनोवैज्ञानिक और ऑडियो-विजुअल प्रभाव के सामने मुगल-ए-आजम से लेकर अब तक की सभी महान फिल्में महज टीवी सीरियल जैसी नजर आएंगी।
राम गोपाल वर्मा ने यहाँ तक कह दिया कि अब से ‘डायरेक्टर’ शब्द की पहचान आदित्य धर के नाम से होगी और स्टीवन स्पीलबर्ग व क्रिस्टोफर नोलन जैसे हॉलीवुड दिग्गजों के लिए भी यह बुद्धिमानी होगी कि वे अपना सारा काम छोड़कर पहले दिन का पहला शो देखें।
राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की कमाई को लेकर भी बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अगर धुरंधर 2 1500 से 2000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेती है, तो यह साउथ फिल्मों के बॉक्स ऑफिस दबदबे को चुनौती दे सकती है।
उन्होंने फिल्म की तुलना बाहुबली 2: द कन्क्लूजन जैसी फिल्मों से करते हुए कहा कि यह कहानी का सीधा विस्तार है, जिसे दो भागों में शूट किया गया है। ऐसे में दर्शकों का भावनात्मक जुड़ाव इसे और बड़ी सफलता दिला सकता है।
रिलीज से पहले रिकॉर्ड तोड़ कमाई!
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है। 3 घंटे और 55 मिनट की लंबी अवधि के बावजूद, एडवांस बुकिंग में दर्शकों ने अभूतपूर्व प्रतिक्रिया दी है। फिल्म के 18 मार्च की शाम से शुरू हुए पेड प्रीव्यू ने ही लगभग 44.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
आंकड़ों के अनुसार, भारत में पहले दिन के लिए अब तक 33.60 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जिसमें 17,000 से ज्यादा शो के लिए 7 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म ने धूम मचा दी है और वैश्विक स्तर पर प्री-सेल्स का आंकड़ा 153 करोड़ रुपये को पार कर चुका है।
विदेशों में भी जबरदस्त क्रेज
फिल्म का क्रेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। इंटरनेशनल मार्केट में भी धुरंधर 2 ने ओपनिंग वीकेंड के लिए 75 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्री-सेल्स दर्ज की है। कुल मिलाकर ग्लोबल प्री-सेल्स 150 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जो इसे रिकॉर्ड ओपनिंग के करीब ले जाती है।
ट्रेड एनालिस्ट्स तरण आदर्श का मानना है कि पेड प्रीव्यू और पहले दिन के कलेक्शन को मिलाकर ‘धुरंधर 2’ 200 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकती है। यदि यह फिल्म इस आंकड़े को छू लेती है, तो यह ‘बाहुबली 2’, ‘आरआरआर’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी महा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों की श्रेणी में शामिल हो जाएगी। साथ ही, यह बॉलीवुड में शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ द्वारा बनाए गए ओपनिंग डे रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।
Dhurandhar 2 स्टार कास्ट और रिलीज
धुरंधर 2 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जबकि 18 मार्च से इसके पेड प्रीव्यू शुरू हो चुके हैं। करीब 3 घंटे 55 मिनट की लंबाई के साथ यह हाल के समय की सबसे लंबी फिल्मों में से एक है। ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त अपनी दमदार भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की भारी मांग को देखते हुए सिनेमाघरों ने देर रात और तड़के के विशेष शो भी जोड़ दिए हैं।

