रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’को लेकर पाकिस्तान में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही पाकिस्तानी दर्शक इसे देखने के लिए इस कदर टूट पड़े कि ओटीटी प्लेटफार्म ही क्रैश हो गया। फिल्म पाकिस्तान नेटफ्लिक्स पर पहले नंबर पर ट्रेंड करने लगी। लेकिन दिलचस्प बात है कि धुरंधर के जवाब में बनी अपनी ही फिल्म ‘मेरी ल्यारी’ को पाकिस्तानियों ने नकार दिया।
धुरंधर 2 के लिए पाकिस्तानी में दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने दावा किया कि फिल्म की रिलीज का पाकिस्तान में इतना इंतजार था कि लोग आधी रात तक जागते रहे। उन्होंने यहां तक कहा कि अचानक भारी ट्रैफिक बढ़ने से कुछ समय के लिए नेटफ्लिक्स की स्ट्रीमिंग प्रभावित हो गई।
फारूकी ने अपने वीडियो में बताया कि पाकिस्तान में दर्शक रात 12 बजे का इंतजार कर रहे थे ताकि फिल्म रिलीज होते ही उसे देख सकें। उन्होंने वीडियो में बार-बार बफरिंग दिखाते हुए दावा किया कि समस्या इंटरनेट की नहीं, बल्कि एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के लॉग-इन करने की वजह से हुई।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में लोग इस बात को लेकर उत्सुक थे कि फिल्म में ल्यारी, गैंगवार और पाकिस्तान को किस तरह दिखाया गया है। फारूकी ने कहा, “फिल्म सच दिखाती है या नहीं, यह अलग बहस है, लेकिन लोग देखना चाहते थे कि इसे बनाया कैसे गया है।” बाद में उन्होंने एक और वीडियो शेयर कर दावा किया कि फिल्म नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर नंबर-1 ट्रेंड कर रही है।
रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने थिएटर रिलीज के दौरान भी शानदार कमाई की थी। कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक फिल्म ने दुनिया भर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
भारत में धुरंधर 2 फिल्म 4 जून को JioHotstar पर रिलीज होने वाली है, जबकि इसका “रॉ और अनकट” वर्जन पहले ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में नेटफ्लिक्स पर जारी किया जा चुका है।
धुरंधर 2 के ‘जवाब‘ में पाकिस्तान ने बनाई ‘मेरा ल्यारी’
धुरंधर 2 भारत समेत जब दुनियाभर में कमाई के झंडे गाड़ रही थी, पाकिस्तान ने इसके जवाब में मेरी ल्यारी (Mera Lyari) बनाई। 8 मई को रिलीज हुई इस फिल्म को कई जगहों पर धुरंधर का जवाब या पाकिस्तान का जवाब कहा गया। फिल्म को सिंध सरकार और कुछ राजनीतिक हलकों का समर्थन मिला था। लेकिन इस फिल्म का यह हश्र हुआ कि पहले दिन यह सिर्फ 22 टिकट ही बेच पाई। कमजोर ओपनिंग के कारण कुछ सिनेमाघरों ने इसे 24 घंटे के भीतर ही हटा दिया।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार निर्देशक अबू अलीहा के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म की कहानी कराची के ल्यारी इलाके की महिला फुटबॉल संस्कृति पर आधारित थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में आयशा उमर शामिल थीं, जिन्होंने एक दिव्यांग फुटबॉल कोच का किरदार निभाया। उनके साथ ‘पावरी गर्ल’ फेम दनानीर मोबीन ने अफसाना नाम की एक बागी फुटबॉलर की भूमिका निभाई, जबकि ट्रिनेट लुकास, सामिया मुमताज और शुआएब हसन भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए। फिल्म को वास्तविक रंग देने के लिए इसके करीब 80 प्रतिशत सहायक कलाकार ल्यारी के स्थानीय निवासी ही थे।
लगभग 9 करोड़ के बजट और सिंध सरकार के भारी वित्तीय समर्थन के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शुमार हो गई है। दर्शकों से फिल्म इमोशनली नहीं जुड़ सकी। फिल्म को सोशल मीडिया पर तो चर्चा मिली, लेकिन दर्शकों ने सिनेमाघरों में दिलचस्पी नहीं दिखाई। कई थिएटरों में शो लगभग खाली रहे।
सोशल मीडिया और Reddit पर उड़ाया गया मजाक
पाकिस्तानी सोशल मीडिया और Reddit पर भी ‘मेरा ल्यारी’ की जमकर आलोचना हुई। कई यूजर्स ने फिल्म की स्क्रिप्ट, अभिनय और तकनीकी गुणवत्ता को कमजोर बताया। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा रही कि फिल्म में ऐसे बड़े स्टार नहीं थे जो दर्शकों को थिएटर तक खींच सकें।
एक Reddit यूजर ने लिखा, “यह मेरी जिंदगी की सबसे खराब फिल्मों में से एक थी। पूरा हॉल खाली पड़ा था।” दूसरे यूजर्स ने कहा कि ट्रेलर से लेकर बैकग्राउंड म्यूजिक तक सबकुछ बेहद कमजोर था।
कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि पाकिस्तान में दर्शक अब सिर्फ भावनात्मक या राष्ट्रवादी नैरेटिव पर फिल्म देखने नहीं जाते, बल्कि उन्हें मजबूत कहानी और स्टार पावर चाहिए।
फिल्म की सफलता के बाद पाकिस्तान के ल्यारी इलाके के कुछ वीडियो भी वायरल हुए, जिनमें स्थानीय लोग ‘धुरंधर 2’ की कमाई में हिस्सा मांगते दिखे। कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म ने ल्यारी के नाम और छवि का इस्तेमाल करके अरबों रुपये कमाए हैं, इसलिए इलाके के विकास के लिए भी फंड दिया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर कई वीडियो में 500 करोड़ रुपये तक की मांग की गई।

