Dhurandhar 2 Box Office Collection: धुरंधर 2 ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने चार दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 454 करोड़ रुपये (542 करोड़ ग्रॉस) की कमाई कर ली है, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन करीब 750 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
रविवार को फिल्म ने भारत में 115 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जो किसी भी हिंदी फिल्म के लिए एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी कमाई है।
फिल्म की शुरुआत ही रिकॉर्डतोड़ रही। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार शाम को हुए पेड प्रीव्यू से फिल्म ने भारत में 43 करोड़ नेट और ओवरसीज में 2.5 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो अपने आप में नया बेंचमार्क है। इसके बाद गुरुवार से रविवार तक फिल्म ने लगातार चार दिनों में हिंदी फिल्मों के इतिहास की सबसे बड़ी कमाई वाले दिन दर्ज किए।
रविवार को फिल्म ने करीब 115 करोड़ रुपये नेट कमाए, जो शनिवार के 113 करोड़ रुपये से भी ज्यादा रहे। इस तरह ‘धुरंधर 2’ ने ओपनिंग वीकेंड में ही 454 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है जो अब तक किसी भी हिंदी फिल्म का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड है।
Dhurandhar 2 Collection ने किन-किन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने पठान के 287 करोड़ (पांच दिन) के रिकॉर्ड को बड़ी आसानी से पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि जहां ‘पठान’ को यह आंकड़ा हासिल करने में एक्सटेंडेड वीकेंड लगा था, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने यह कारनामा सिर्फ चार दिनों में कर दिखाया।
‘धुरंधर 2’ भारतीय सिनेमा के इतिहास में ‘पुष्पा 2’ (762 करोड़) के बाद दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड दर्ज करने वाली फिल्म बन गई है। इसने ‘बाहुबली 2’ (591 करोड़), ‘आरआरआर’ (470 करोड़) और ‘कल्कि 2898 एडी’ (500 करोड़) जैसी पैन-इंडिया फिल्मों के वीकेंड रिकॉर्ड्स को काफी पीछे छोड़ दिया है। साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्म बनते हुए इसने ‘बॉर्डर 2’ के आंकड़ों को भी महज तीन दिनों में पार कर लिया था।
ओवरसीज में भी फिल्म का दबदबा साफ नजर आया। फिल्मों के व्यापार पर करीब से नजर रखने वाले तरण आदर्श के अनुसार, धुरंधर 2 ने बुधवार-गुरुवार को 5.5 मिलियन डॉलर, शुक्रवार 4.9 मिलियन डॉलर, शनिवार 6.2 मिलियन डॉलर और रविवार 6 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने कुल 22.6 मिलियन डॉलर (करीब 212 करोड़ रुपये) का कलेक्शन किया है।
‘सरके चुनर’ गाने को लेकर नोरा फतेही और संजय दत्त की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग ने किया तलब
तरणआ दर्श द्वारा शनिवार तक के साझा आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में फिल्म ने 7.6 मिलियन डॉलर (71.43 करोड़), कनाडा में 3.27 मिलियन डॉलर (30.75 करोड़), यूके में 1.57 मिलियन पाउंड (19.66 करोड़), ऑस्ट्रेलिया में 2.56 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (16.93 करोड़), न्यूजीलैंड में 0.39 मिलियन न्यूजीलैंड डॉलर (2.18 करोड़) और जर्मनी में 0.40 मिलियन यूरो (4.40 करोड़) की कमाई दर्ज की है।
खास बात यह है कि फिल्म को विदेशों में 2200 सिनेमाघरों और लगभग 3000 स्क्रीन पर रिलीज किया गया, जो किसी भी हिंदी फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी रिलीज मानी जा रही है।
नॉर्थ अमेरिका समेत कई बड़े बाजारों में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, जहां कई जगहों पर 24 घंटे शो चलाने के बावजूद टिकटों की भारी मांग बनी रही। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में हिंदी सिनेमा के चार सबसे बड़े दिन दर्ज किए और पठान के ₹287 करोड़ के ओपनिंग वीकेंड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिसे उस फिल्म ने पांच दिनों में हासिल किया था।
क्या बनेगा 2000 रुपये करोड़ का रिकॉर्ड?
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी बड़ी ताकत मानी जा रही है। रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गजों से सजी यह फिल्म अब 1000 करोड़ के क्लब में शामिल होने की ओर मजबूती से बढ़ रही है।
फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सोमवार (फर्स्ट मंडे) को भी फिल्म की पकड़ ऐसी ही रही, तो यह 2000 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को भी चुनौती दे सकती है। गौरतलब है कि इस सीरीज के पहले भाग ने 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी, लेकिन सीक्वल के रुझान उससे कहीं अधिक बड़े नजर आ रहे हैं।

