नई दिल्ली: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-NCR) में गुरुवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। खराब मौसम को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपना अलर्ट येलो से बढ़ाकर उसे रेड अलर्ट कर दिया। विभाग ने देश की राजधानी में अगले कुछ घंटों तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की खबरें आई हैं। घने बादलों और तेज हवाओं के साथ हुई इस बारिश से पिछले कई दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
बारिश और खराब मौसम के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने बताया कि फिलहाल उड़ान संचालन सामान्य है। हालांकि, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने घर से निकलने से पहले उड़ान को लेकर संबंधित एयरलाइन से ताजा जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था। यह पिछले दिनों की भीषण गर्मी से काफी कम था। विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना। साथ ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दिल्ली में कब पहुंच रहा है मानसून?
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अभी तक आधिकारिक तौर पर दिल्ली में दस्तक नहीं दी है, लेकिन यह उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। यह अब राजधानी दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मानसून के प्रवेश के लिए मौसम की परिस्थितियां लगातार अनुकूल होती जा रही हैं।
मानसून के आगमन से पहले होने वाली प्री-मानसून बारिश का असर राजधानी और आसपास के इलाकों में दिखाई देने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच जाने की संभावना है। विभाग ने बताया कि हाल के वर्षों में मानसून अलग-अलग तारीखों पर राजधानी पहुंचा है। साल 2020 और 2023 में यह 25 जून, 2024 में 28 जून, 2025 में 29 जून, 2022 में 30 जून और 2021 में 13 जुलाई को मानसून दिल्ली पहुंचा था।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। फिलहाल मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, दमन एवं दीव, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में आगे बढ़ रहा है।
(समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

