Friday, October 10, 2025
HomeभारतDelhi Election 2025 Result: दिल्ली कैंट से AAP के वीरेंद्र सिंह कादियान...

Delhi Election 2025 Result: दिल्ली कैंट से AAP के वीरेंद्र सिंह कादियान विजयी, कोंडली में कुलदीप कुमार ने मारी बाजी

नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के शुरुआती रुझानों के बाद अब नतीजे सामने आने लगे हैं।  कोंडली विधानसभा और दिल्ली कैंट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। कोंडली से आप के उम्मीदवार कुलदीप कुमार तो दिल्ली कैंट से आप प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह कादियान ने जीत दर्ज की है।  

चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, कुलदीप कुमार ने भाजपा प्रत्याशी प्रियंका गौतम को 6293 वोटों से हराया है। कुलदीप को कुल 61792 तो प्रियंका को 55499 वोट हासिल हुए। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के अक्षय कुमार रहे जिनको 7230 मत हासिल हुए हैं।

कुलदीप ने केजरीवाल को समर्पित की जीत

कुलदीप कुमार ने अपनी जीत पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद  केजरीवाल को समर्पित की है।  उन्होंने कहा “ये जीत अरविंद केजरीवाल को समर्पित है। उन्होंने दूसरी बार मुझे टिकट दिया था और मैं जीत के आया हूं। आप दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है और अरविंद केजरीवाल चौथी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”

दिल्ली कैंट से आप के वीरेंद्र ने भाजपा के भुवन तंवर को हराया

चुनाव आयोग के मुताबिक, वीरेंद्र सिंह कादियान ने भाजपा के भुवन तंवर को हराया है। वीरेंद्र सिंह कादियान को 22,191 वोट मिले हैं। जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के भुवन तंवर को 20,162 मत मिले। वहीं, तीसरे नंबर पर कांग्रेस के प्रदीप कुमार उपमन्यु रहे, जिन्हें 4,252 वोट मिले है।

‘आप’ के वीरेंद्र सिंह कादियान को 46.76 फीसदी, भाजपा के भुवन तंवर को 42.48 और कांग्रेस के प्रदीप कुमार उपमन्यु को 8.96 फीसदी मत मिले हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा 46 सीट पर आगे है, जबकि ‘आप’ 23 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

दरअसल, दिल्ली कैंट विधानसभा, नई दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आती है। साल 2013 से यहां आम आदमी पार्टी का कब्जा रहा है। इस बार भी ‘आप’ ने यहां बाजी मारी है।

1993 से 2025 तक हुए विधानसभा चुनाव पर नजर डालें तो ‘आप’ ने इस सीट पर चार बार, भाजपा ने तीन बार और कांग्रेस ने केवल एक बार ही सीट पर जीत का परचम लहराया है।

भाजपा ने 1993, 2003 और 2008 में जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 1998 के विधानसभा चुनाव में यहां जीत हासिल की थी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने 2013 के विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2015, 2020 और 2025 में भी आप प्रत्याशी को यहां से जीत मिली है।

ज्ञात हो कि 2020 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह कादियान को 28,971 वोट मिले और उनका वोट शेयर 49.17 फीसदी था। वहीं, भाजपा के मनीष सिंह को 18,381 वोट मिले। उनका वोट शेयर 31.19 प्रतिशत था, जबकि कांग्रेस के संदीप तंवर को 7,954 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 13.50 फीसदी था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा