HomeखेलकूदCWG 2026: बॉक्सिंग में भारत का दबदबा, 7 गोल्ड और 3 सिल्वर...

CWG 2026: बॉक्सिंग में भारत का दबदबा, 7 गोल्ड और 3 सिल्वर के साथ शानदार समापन; प्रीति, जैस्मिन, साक्षी, अंकुश और सचिन बने चैंपियन

आखिरी दिन भारतीय दल के पास पदकों की संख्या 40 तक पहुंचाने का शानदार मौका है। अंतिम दिन जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी।

नई दिल्ली/ग्लासगोः कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शनिवार शानदार प्रदर्शन किया। मुक्केबाजों ने बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन 10 पदकों के साथ किया। भारत ने बॉक्सिंग में 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक अपने नाम किए। अंतिम दिन अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीतकर अभियान का शानदार अंत किया, जबकि सुपर हेवीवेट (90+ किग्रा) में नरेंद्र को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसी के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 38 पहुंच गई, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है।

अंतिम दिन भारतीय मुक्केबाजों ने एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 57 किग्रा वर्ग में जैस्मिन लंबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से मात देकर गोल्ड अपने नाम किया। महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में साक्षी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया, जबकि 60 किग्रा वर्ग में प्रिया घंगास ने कनाडा की मैरी-बथूल अल-अहमदियेह को 4-1 से शिकस्त दी।

70 किग्रा में अरुंधति और 60 किग्रा में सचिन ने जीता स्वर्ण

महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग में अरुंधति चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में एक और गोल्ड डाला। वहीं, 75 किग्रा वर्ग में ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को रजत पदक मिला। पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में जादुमणी सिंह भी फाइनल में हार गए और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।

पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सचिन सिवाच ने बेहद रोमांचक फाइनल में नामीबिया के ट्राईअगेन मोर्नी न्डेवेलो को 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबला तीनों राउंड तक बेहद कड़ा रहा, लेकिन सचिन ने दबाव में संयम बनाए रखा और तीन जजों का फैसला अपने पक्ष में करवाकर खिताब जीत लिया।

इसके बाद पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल ने इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पहले राउंड में पिछड़ने के बावजूद अंकुश ने शानदार वापसी की और अगले दो राउंड में आक्रामक मुक्केबाजी करते हुए मुकाबला पलट दिया।

हालांकि, पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग में नरेंद्र को इंग्लैंड के डामर थॉमस के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। थॉमस ने तीनों राउंड में बढ़त बनाए रखी और नरेंद्र को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

पदकों की संख्या 38 से 40 करने का मौका

बॉक्सिंग में भारत की इस सफलता ने कॉमनवेल्थ गेम्स में उसके अभियान को नई मजबूती दी। एथलेटिक्स और जूडो में भी मिले पदकों की बदौलत भारत 38 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया। आखिरी दिन भारतीय दल के पास पदकों की संख्या 40 तक पहुंचाने का शानदार मौका है। अंतिम दिन जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में भारतीय खिलाड़ियों पर सभी की नजरें रहेंगी।

जूडो में महिला 78 किग्रा वर्ग में ईशरूप नरंग, पुरुष 100 किग्रा वर्ग में अवतार सिंह और पुरुष +100 किग्रा वर्ग में यश घंघास चुनौती पेश करेंगे। अब तक भारत जूडो में चार पदक जीत चुका है और यदि ये तीनों खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहते हैं तो देश का कुल पदक आंकड़ा 40 के पार पहुंच सकता है। तीनों के शुरुआती मुकाबले दोपहर में होंगे, जबकि जीत की स्थिति में उन्हें क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फिर पदक मुकाबले खेलने होंगे। जूडो के सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।

वहीं ट्रैक साइक्लिंग में भी भारत की नजर पदक पर रहेगी। दिन की शुरुआत वेलोड्रोम में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों के पुरुष 40 किमी पॉइंट्स रेस के पहले दौर से होगी। इसके बाद रोनाल्डो सिंह लैटोंजम पुरुष 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में पदक के लिए चुनौती देंगे। पैरा साइक्लिंग में लीशा दास महिला C4-C5 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में हिस्सा लेंगी। यदि दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों क्वालिफाई करते हैं तो वे रात में होने वाले 40 किमी पॉइंट्स रेस के फाइनल में भी उतरेंगे।

रैंक (2026)देशस्वर्णरजतकांस्यकुल पदकरैंक (2022)रैंक (2018)
1ऑस्ट्रेलिया65415215811
2इंग्लैंड26403510122
3कनाडा1820215934
4भारत131793943
5स्कॉटलैंड138173868
6नाइजीरिया10762379
7जमैका935171211
8न्यूज़ीलैंड81192855
9वेल्स810123087
10मलेशिया833141012
11दक्षिण अफ्रीका711102896
12केन्या345121314
13उत्तरी आयरलैंड249151120
25त्रिनिदाद और टोबैगो03471518
27सिंगापुर02021413

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी बधाई

इस शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग पोस्ट कर प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी, प्रिया घंगास, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और लवलीना बोरगोहेन समेत सभी पदक विजेताओं की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और जुझारूपन पूरे देश को गर्व महसूस करा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन करते रहेंगे।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular