Saturday, October 11, 2025
Homeभारतकांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, परिवार...

कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, परिवार ने मांगी फांसी की सजा

चंडीगढ़ः हरियाणा के रोहतक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को इसकी पुष्टि की।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है और उसका हिमानी के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी पर हिमानी को ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने का आरोप भी है।

जांच में सामने आया है कि जिस सूटकेस में हिमानी का शव मिला था, वह उसी का था। हिमानी की हत्या उसके हरियाणा स्थित आवास में की गई थी और फिर शव को सूटकेस में भरकर रोहतक के सांपला बस स्टैंड के पास फेंक दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हिमानी के परिवार ने फांसी की सजा की मांग की है। हिमानी के भाई ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। आज हम हिमानी का अंतिम संस्कार करेंगे। मीडिया में कई अफवाहें फैलाई जा रही हैं… हमें न्याय मिलेगा। लेकिन अभी तक पुलिस ने आरोपी के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं दी है। हम आरोपी के लिए फांसी की सजा चाहते हैं।”

हालांकि, हिमानी के चाचा रविंद्र ने कहा कि जब तक आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

राजनीतिक साजिश का शक, नरवाल की माँ ने क्या कहा?

इंडिया टुडे के मुताबिक, हिमानी की माँ सविता ने इस हत्या के पीछे कांग्रेस पार्टी के अंदर की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हिमानी की उभरती राजनीतिक छवि और वरिष्ठ नेताओं के साथ उसकी करीबी से कई लोग जलते थे।

सविता ने इंडिया टुडे से कहा, “मेरी बेटी ने कांग्रेस के लिए बहुत कुर्बानियां दी हैं। पार्टी के कई नेता हमारे घर आते थे। कुछ लोग उसकी बढ़ती राजनीतिक लोकप्रियता से असहज थे और उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या करवाई है।”

सविता ने बताया कि हिमानी पिछले 10 वर्षों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में श्रीनगर तक गई थी। सविता ने दावा किया कि उनकी बेटी साफ-सुथरी राजनीति करना चाहती थी, लेकिन कुछ लोग उसे झूठे जाल में फंसाना चाहते थे।

सविता ने कहा कि उनकी आखिरी बातचीत 27 फरवरी को हिमानी से हुई थी। हिमानी अगले दिन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली में शामिल होने वाली थी। लेकिन इसके बाद हिमानी का फोन बंद हो गया और फिर कोई संपर्क नहीं हो पाया।

वहीं समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सविता ने कहा कि “आरोपी कोई अपना ही है और नजदीकी है। चाहे वे पार्टी से जुड़ा हो या कोई दोस्त हो या रिश्तेदार हो। मेरे घर तक वही आ सकता है जिस पर वे हद से ज्यादा विश्वास करती हो। उसके साथ कोई भी गलत करता है तो उसके खिलाफ वे कदम उठाती थी। वे किसी का गलत बर्दाश्त नहीं करती थी।”

कांग्रेस नेताओं पर सवाल

हिमानी की हत्या ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। कांग्रेस पार्टी ने इस घटना की निंदा की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। विधायक बीबी बत्रा समेत कई कांग्रेस नेताओं ने विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की है।

हालांकि, हिमानी की मां ने कांग्रेस नेताओं पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “मैं आशा हुड्डा से मिली हूं। हुड्डा साहब हमें जानते हैं, लेकिन अभी तक किसी वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने हमसे संपर्क नहीं किया है।”

इस मामले में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। हिमानी के परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द न्याय की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा