Homeभारतछत्तीसगढ़ में रेत कारोबार की रंजिश में खूनी खेल, भाजपा नेता को...

छत्तीसगढ़ में रेत कारोबार की रंजिश में खूनी खेल, भाजपा नेता को जिंदा जलाया; तीन की मौत

मृतकों की पहचान भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। लल्ला सिंह को क्षेत्र में भाजपा से जुड़ा नेता बताया जा रहा है। उनकी मौत फॉर्च्यूनर के भीतर जिंदा जल जाने से हुई।

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। मंगलवार देर रात हुए हमले में एक लग्जरी एसयूवी के भीतर एक व्यक्ति जिंदा जल गया, जबकि दो अन्य की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। मृतक में एक शख्स के भाजपा से जुड़े होने की बात सामने आई है।

यह वारदात सोनहत क्षेत्र के कटगोड़ी गांव के पास हुई, जहां एक समूह ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को ले जा रहे दो वाहनों को रास्ते में रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने एक टिप्पर ट्रक से फॉर्च्यूनर एसयूवी को कई बार टक्कर मारी, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए और बाद में वाहन में आग लग गई।

स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार बुधवार देर शाम तक इस घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। इस बीच पुलिस ने अब तक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

भाजपा के नेता की जलकर मौत

मृतकों की पहचान भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। लल्ला सिंह को क्षेत्र में भाजपा से जुड़ा प्रभावशाली नेता बताया जा रहा है। उनकी मौत फॉर्च्यूनर के भीतर जिंदा जल जाने से हुई। उनके रिश्तेदार नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे और रायपुर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। वहीं, वीरेंद्र प्रताप सिंह ने अंबिकापुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।

शुरुआती जांच से पता चलता है कि रेत खनन और उससे जुड़े कारोबार को लेकर भरत सिंह के गुट और त्रिपाठी (मनोज) परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच दिन में भी विवाद हुआ था, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया और कुछ घंटों बाद यह संघर्ष खूनी वारदात में बदल गया। लल्ला सिंह के बारे में ये जानकारी सामने आई है कि वे क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक रूप से प्रभावशाली शख्स के तौर पर पहचाने जाते थे। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी मनोज त्रिपाठी का कनेक्शन भी भाजपा से है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद जलती हुई एसयूवी में शामिल लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन बाहर निकलते ही उन पर हमला कर दिया गया। इनमें से एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य को बेरहमी से पीटा गया और गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।

किसी आरोपी को नहीं बख्शा जाएगा: मुख्यमंत्री

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिन में दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद ने तनाव को बढ़ाया था। पुलिस उन दावों की भी जांच कर रही है कि क्या पीड़ितों को फोन कर समझौते के बहाने मौके पर बुलाया गया था और फिर उन पर हमला किया गया। उन्होंने कहा, ‘मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।’

फॉर्च्यूनर में आग कैसे लगी?

फॉर्च्यूनर में आग लगाने से पहले उस पर पेट्रोल या अन्य ज्वलनशील पदार्थ डाले जाने के कथित आरोपों पर उमेश कश्यप ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि वाहन को जानबूझकर आग लगाई गई थी या हमले के दौरान बिजली के खंभे से टकराने के बाद उसमें आग लगी। उन्होंने कहा, ‘फॉरेंसिक रिपोर्ट से आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।’

कुछ रिपोर्ट के अनुसार घटनास्थल पर जली हुई फॉर्च्यूनर, वाहन के टूटे हिस्से, बिखरे कांच और खून के निशान बता रहे हैं कि हमले किस कदर भयावह था। फॉरेंसिक टीमों ने घंटों तक घटनास्थल की जांच की है और सबूत जुटाए हैं।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular