Homeमनोरंजनसेलिना जेटली ने शादी के 15 साल बाद पति पीटर हाग पर...

सेलिना जेटली ने शादी के 15 साल बाद पति पीटर हाग पर घरेलू हिंसा का लगाया आरोप, अदालत में पहुंचा मामला

सेलिना जेटली ने हाग से प्रति माह 10 लाख रुपये भरण-पोषण के रूप में और कथित उत्पीड़न के चलते काम पर न लौट पाने के कारण हुए नुकसान के लिए 50 करोड़ रुपये की भरपाई मांगी है।

अभिनेत्री और पूर्व मिस इंडिया सेलिना जेटली ने अपने पति और ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा का गंभीर आरोप लगाया है। सेलिना ने मुंबई की अंधेरी मजिस्ट्रेट अदालत में याचिका दाखिल की है, जिसके बाद अदालत ने हाग को नोटिस जारी करते हुए 12 दिसंबर को सुनवाई की तारीख तय की है।

‘नो एंट्री’ और ‘गोलमाल रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं सेलिना ने घरेलू हिंसा से लेकर मानसिक, शारीरिक, मौखिक और आर्थिक शोषण तक के आरोप लगाए हैं। उनकी याचिका के अनुसार, हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्हें ऑस्ट्रिया में अपने घर से आधी रात को भागकर भारत लौटना पड़ा। सेलिना ने यह भी बताया कि वे अपने तीन बच्चों को वहीं छोड़कर अक्टूबर 11 को भारत आने को मजबूर हुईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पति पीटर हाग ने उन्हें बच्चों से मिलने तक नहीं दिया और सिर्फ 14 नवंबर को एक बार वीडियो कॉल की अनुमति दी गई। याचिका में उन्होंने अदालत से बच्चों से बिना रुकावट वर्चुअल और फोन के जरिए बातचीत की अनुमति की मांग की है।

आर्थिक क्षतिपूर्ति की मांग

सेलिना जेटली ने हाग से प्रति माह 10 लाख रुपये भरण-पोषण के रूप में और कथित उत्पीड़न के चलते काम पर न लौट पाने के कारण हुए नुकसान के लिए 50 करोड़ रुपये की भरपाई मांगी है। इसके अलावा 50 करोड़ रुपये मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के लिए क्षतिपूर्ति के रूप में मांगते हुए कुल 100 करोड़ रुपये का दावा किया है।

उन्होंने यह भी मांग की है कि मुंबई के अंधेरी स्थित उनके साझा घर में पति को दखल ना देने दिया जाए। साथ ही ऑस्ट्रिया और मुंबई की संपत्तियों से अपने अधिकार हटाए जाने के नुकसान के लिए 1.26 करोड़ रुपये और 32 लाख रुपये कथित फंड की गड़बड़ी के लिए मांगे गए हैं।

कैसे शुरू हुई मुलाकात और शादी

कानूनी फर्म करंजावाला एंड कंपनी के जरिए दाखिल याचिका में 47 वर्षीय सेलिना ने बताया कि उनकी मुलाकात 48 वर्षीय हाग से दुबई में हुई थी। कुछ समय की दोस्ती के बाद सितंबर 2010 में मुंबई में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई, जिसे उसी महीने ऑस्ट्रिया में रजिस्टर कराया गया।

सेलिना का आरोप है कि पीटर हाग ने शुरुआत से ही महंगे तोहफों की मांग की और उनके माता-पिता ने करीब 6 लाख रुपये के कफलिंक और 10 लाख रुपये के जेवर उन्हें दिए। याचिका में हनीमून से लेकर मुंबई और विदेश में रहने के दौरान कई हिंसक और अपमानजनक घटनाओं का विवरण दिया गया है।

सेलिना का दावा है कि 2011 में हाग के कहने पर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर दुबई शिफ्ट होना पड़ा। 2012 में जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद उन्हें अपना अभिनय करियर छोड़ना पड़ा और पति के विदेश असाइनमेंट्स को सपोर्ट करना पड़ा। बाद में वे सिंगापुर चले गए, जहां सेलिना ने सिर्फ कभी-कभार पेड इवेंट्स और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से अपना खर्च चलाया।

याचिका में कहा गया है कि उन्हें कई बार नस्लीय टिप्पणी और अपमानजनक व्यवहार झेलना पड़ा, जबकि वे मिस इंडिया 2001 रह चुकी हैं, मिस यूनिवर्स की रनर-अप रही हैं और एक सम्मानित अभिनेत्री हैं। उन्होंने बताया कि लगातार अपमान से उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ती गई और उनका आत्मविश्वास प्रभावित हुआ।

सेलिना ने आरोप लगाया कि हाग ने भारत की संपत्ति अपने नाम कर ली और जुलाई में वियना की संपत्ति भी बेच दी, जिसकी जानकारी उन्हें बाद में मिली। इतना ही नहीं, उनके निजी सामान जैसे मिस इंडिया का ताज और सैश भी छिपा दिए गए। 2024 में मध्य पूर्व में उनके भाई के कथित अपहरण के बाद जब उन्होंने भावनात्मक मदद मांगी तो हाग ने उल्टा उन्हें ही दोषी ठहराया। मुंबई की संपत्ति को लेकर दोनों के बीच सिविल विवाद सत्र न्यायालय में पहले से ही लंबित है

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular