Homeभारतजेडीयू-भाजपा के बीच सीट बंटवारा तय, बराबर सीटों पर लडेंगी चुनाव, चिराग...

जेडीयू-भाजपा के बीच सीट बंटवारा तय, बराबर सीटों पर लडेंगी चुनाव, चिराग को मिली कितनी सीटें? जानें सब कुछ

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जेडीयू-भाजपा के बीच सीट शेयरिंग हो गई है। दोनों दल 101-101 सीटों पर लडेंगे जबकि चिराग 29 सीटों पर लडेंगे। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं।

पटनाः बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इस बीच सत्तारूढ़ गठबंधन जेडीयू-भाजपा के बीच सीट बंटवारा तय हो गया है। दोनों दल बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। वहीं, खुद को मोदी का हनुमान बताने वाले चिराग पासवान के आने से इन दोनों दलों का गणित प्रभावित हुआ है।

जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारी प्रमुख संजय कुमार झा ने राज्य की 243 विधानसभा सीटों के लिए पार्टी वार गणित साझा किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं, चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं।

इसी तरह उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6 सीटें और जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को भी 6 सीटें मिली हैं।

जेडीयू-भाजपा 101-101 सीटों पर लडेंगी चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर काफी गहमागहमी देखी जा रही थी। ऐसे में एनडीए की सीट शेयरिंग के बाद काफी हद तक अटकलों पर विराम लग गया है। मुख्य दलों भाजपा-जेडीयू में कोई भी बड़े भाई की भूमिका में नहीं है। दोनों को ही बराबर-बराबर सीटें मिली हैं।

संजय झा ने अपनी पोस्ट में लिखा “एनडीए के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता इसका खुशी से स्वागत करते हैं और नीतीश कुमार को भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाने के लिए फिर से जुट गए हैं।”

गौरतलब है कि बीते विधानसभा चुनाव में जहां जेडीयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था वहीं भाजपा ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी भी एनडीए की सहयोगी थी। वीआईपी तब 11 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।

यह भी पढ़ें – प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों को न बुलाने पर घिरने के बाद मुत्ताकी का बहाना, ‘तकनीकी समस्या’ बताई जगह

2020 के चुनाव में हिंदु्स्तान अवामी मोर्चा (हम) को 7 सीटें मिली थीं जबकि चिराग की अविभाजित पार्टी ने 135 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। इस चुनाव में वह किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं थी।

हालांकि, मांझी और चिराग दोनों ही 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए में केंद्रीय मंत्री हैं।

बिहार में दो चरणों में होंगे चुनाव

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव होंगे। इसके लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी और 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

वहीं, इस बीच अब नजरें विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की ओर हैं कि यहां पर कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस गठबंधन में लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और सीपीआई, सीपीआई (एम) और अन्य दल शामिल हैं।

किसी भी पार्टी ने खुलकर सीट शेयरिंग पर पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि, राजद इस गठबंधन में बड़े दल की भूमिका में है और ऐसी संभावना है कि वह 130-140 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है जबकि कांग्रेस 50-60 और अन्य दलों में सीटें दी जाएंगी। हालांकि, अभी तक कोई तस्वीर स्पष्ट नहीं है कि किस दल को कितनी सीटें मिल रही हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular