Homeभारतकुरान के अपमान पर भाजपा का आम आदमी पार्टी पर हल्ला बोल,...

कुरान के अपमान पर भाजपा का आम आदमी पार्टी पर हल्ला बोल, क्या है विवाद?

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के महरौली से विधायक नरेश यादव को कुरान के अपमान के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भाजपा ने हमला बोला है। नरेश यादव को दो साल की सजा सुनाई गई है। भाजपा ने इस मामले में ‘आप’ के साथ-साथ इंडिया गठबंधन से भी जवाब मांगा है। साथ ही भाजपा की ओर से दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन किया गया और नरेश यादव को पार्टी से निकालने की मांग रखी गई। इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता शामिल हुए। साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय के तमाम लोगों ने भी केजरीवाल के घर के बाहर धरना दिया।

शाजिया इल्मी ने ‘आप’ पर साधा निशाना

भाजपा की प्रवक्ता और पूर्व में आम आदमी पार्टी में रही शाजिया इल्मी ने भी मामले को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि खुद को मुसलमानों का मसीहा बताने वाली पार्टी के नेता अमानतुल्ला खां, शोएब इकबाल जगह-जगह जाकर अपने बारे में बताएं। सीलमपुर, मुस्तफाबाद, मटिया महल में जाएं और बताएं कि किस तरह से कुरान शरीफ की बेअदबी की गई।

शाजिया इल्मी ने आगे का, ‘यहां तक कि अखिलेश यादव के साथ जाएं और सभी इलाकों में बताएं कि देखिए हमारे लोग हैं, जो कुरान शरीफ की बेअदबी भी करते हैं। हम ऐसे शातिर और मक्कर लोग हैं। अखिलेश यादव संभल पर बहुत उग्र हो रहे हैं और बहुत फिक्र हो रही है, क्या उनको फिक्र हो रही है अपने एक साथी की, जिसके साथ फोटो-ऑप करवाते रहते हैं कि ये वो लोग हैं जो बाकायदा मुसलमानों के जज्बातों के साथ खिलवाड़ करते हैं और कुरान शरीफ के पन्ने फड़वाते हैं।’

इनके लिए मुस्लिम समाज केवल वोट बैंक: वीरेंद्र सचदेवा

शाजिया इल्मी के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, हिंदुस्तान में हर मजहब के लोग अपनी इबादत करते हैं और यहां सभी धर्मों का आदर है। आप के विधायक ने पवित्र कुरान शरीफ का अपमान किया, जिसके लिए कोर्ट ने सजा सुनाई। हालांकि, इंडी गठबंधन का एक भी नेता इस पर नहीं बोल रहा क्योंकि इनके लिए मुस्लिम समाज केवल वोट बैंक है।

भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा, ‘इस मामले की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। आम आदमी पार्टी के नेता द्वारा देश के अमन-चैन को बिगाड़ने की यह एक साजिश थी। ये लोग दंगा करवाने के लिए ऐसा बोलते हैं। ये इंसानियत के दुश्मन हैं। इस मामले पर केजरीवाल माफी मांगें। उनकी पार्टी ने उन पर अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुप क्यों है। नरेश यादव को अभी तक पार्टी से क्यों नहीं निकाला गया।’

कुरान के अपमान का पूरा मामला क्या है?

दरअसल, ये पूरा मामला साल 2016 का है। 24 जून, 2016 को पंजाब के मालेरकोटला में कुरान के फटे हुए पन्ने मिले थे। इसके बाद हिंसा भड़क उठी थी। भीड़ ने कई गाड़ियों में आग लगा दी। इस घटना के समय पंजाब में अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की सरकार थी।

इस केस में शुरू में तीन लोगों को विजय कुमार, नंद किशोर और गौरव कुमार पर मामला दर्ज किया गया। फिर जांच के बाद और पकड़े गए आरोपियों के बयान पर नरेश यादव का नाम सामने आया। नरेश यादव को 24 जुलाई 2016 को दिल्ली में उनके घर से गिरफ्तार किया गया। तीनों को कोर्ट ने दोषी ठहराया है।

साल 2021 में यादव और नंद किशोर को मालेरकोटला अदालत ने पर्याप्त सबूतों के नहीं होने के कारण बरी कर दिया था। हालांकि, स्थानीय निवासी मोहम्मद अशरफ ने यादव को बरी करने के खिलाफ अपील दायर की, जिसके बाद यह सजा हुई है। इन पर 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा
Exit mobile version