Homeभारतभाजपा ने 3 राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की, दिल्ली...

भाजपा ने 3 राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की, दिल्ली की कमान संभालेंगे केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा

भाजपा ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सरदार केवल सिंह ढिल्लो को राज्य की कमान सौंपी है। अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार (28 मई) को 3 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली के लिए भी नए अध्यक्ष की भी घोषणा की है। जिन 3 राज्यों में पार्टी ने नए अध्यक्ष नियुक्त किए हैं, वे हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। पार्टी ने दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा के हाथों में दी है।

इन नियुक्तियों के साथ ही पार्टी प्रमुख नितिन नवीन ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हर्ष मल्होत्रा संभालेंगे दिल्ली की कमान

अरुण सिंह ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया, ”भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।”

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है जबकि सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ज्ञात हो कि हर्ष मल्होत्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली से सांसद हैं। वे केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं। लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय मल्होत्रा ने दिल्ली भाजपा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।

हर्ष मल्होत्रा ​​ने 2012 में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और वेलकम वार्ड से पार्षद का चुनाव जीता। इसके बाद 2015 में वे तत्कालीन पूर्वी दिल्ली नगर निगम में महापौर बने। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष बने और तीन साल तक इस जिम्मेदारी को निभाया।

वह पंजाबी समुदाय से आते हैं और पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में इस समुदाय की संख्या अच्छी खासी है। 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट 3.9 लाख से अधिक वोटों से जीती थी। 24 अप्रैल 1964 को जन्मे हर्ष मल्होत्रा जून 2024 में 18वीं लोकसभा के लिए पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए।

उन्हें इस सीट की उम्मीदवारी तब मिली जब क्रिकेटर से नेता बने गौतम गंभीर ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया, तो पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था। हर्ष मल्होत्रा ने इस सीट पर जीत दर्ज की और केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हैं।

पंजाब में चुनाव से पहले सरदार केवल सिंह ढिल्लो को सौंपी कमान

डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा की सक्रिय भाजपा नेता और चिकित्सक हैं। संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में भूमिका निभाई है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है।

सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी ऐसे वक्त में दी गई है जब अगले साल राज्य में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ढिल्लो बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और राज्य में उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में है जो हमेशा से विकास को प्राथमिकता देता आया है। उनके बारे में कहा जाता है कि वो विकास से संबंधित कामों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करते हैं।

यह भी पढ़ें – कर्नाटक: डीके शिवकुमार के सीएम बनने का रास्ता साफ!, ब्रेकफास्ट मीटिंग में सिद्धारमैया के छुए पैर

बताते चलें कि उन्होंने वर्ष 2022 में संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव लड़ा था। वहीं, अभिषेक देबरॉय की बात करें तो वह त्रिपुरा भाजपा के सक्रिय नेता हैं। उन्हें अब पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे हैं और पार्टी के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। पार्टी नेतृत्व को उनसे त्रिपुरा में संगठन मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की उम्मीद है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular